Muzaffarpur News : बुजुर्ग की वृद्धाश्रम में मौत, जांच में जुटी एफएसएल टीम

प्रतीकात्मक तस्बीरे
Muzaffarpur News : मुजफ्फरपुर के शेखपुर ढाब स्थित वृद्धाश्रम में नैनीताल के 86 वर्षीय बुजुर्ग मो. मुस्लिम की मौत हो गई. वे मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और भटक कर यहाँ आए थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज परिजनों को सूचना दी है. जानिए खबर विस्तार से…
Muzaffarpur News : अहियापुर थाना क्षेत्र के शेखपुर ढाब स्थित सतनामी वृद्धाश्रम में मंगलवार की सुबह एक 86 वर्षीय बुजुर्ग मो. मुस्लिम की मौत हो गई. मृतक बुजुर्ग उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर (टांडा मल्लू) के रहने वाले थे. मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे भटक कर मुजफ्फरपुर पहुंच गए थे. घटना की सूचना के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
डायल 112 ने कराया था भर्ती
जानकारी के अनुसार, बीती एक मई को डायल 112 की टीम ने बुजुर्ग को जीरोमाइल चौक के पास लावारिस और बदहवास स्थिति में पाया था. इसके बाद उन्हें सेवा और देखरेख के लिए सतनामी वृद्धाश्रम पहुंचा दिया गया था. आश्रम प्रबंधन ने बताया कि उनकी तबीयत पिछले दो दिनों से खराब थी. मंगलवार की सुबह अचानक उन्होंने अंतिम सांस ली. आश्रम की समाजसेविका बबली कुमारी ने आरोप लगाया कि बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने की सूचना अहियापुर पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी.
परिजनों की तलाश जारी
नगर डीएसपी टू विनीता सिन्हा को घटना की जानकारी दिए जाने के बाद अहियापुर पुलिस और वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम आश्रम पहुंची. पुलिस ने बुजुर्ग के पास से बरामद आधार कार्ड के जरिए उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश शुरू कर दी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है. इधर, शव के अंतिम संस्कार को लेकर मदरसा बोर्ड से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है ताकि धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनकी अंत्येष्टि हो सके.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










