पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में चौथे गवाह की गवाही, 5 अगस्त को अगली सुनवाई
मुजफ्फरपुर के चर्चित पूर्व मेयर समीर कुमार और उनके चालक की हत्या के मामले में सोमवार को अभियोजन पक्ष के चौथे गवाह, मेयर के भाई सुमित कुमार भारद्वाज का बयान दर्ज किया गया. इस सनसनीखेज मामले की अगली सुनवाई 5 अगस्त को निर्धारित की गई है, जहाँ आगे भी गवाहों के बयान दर्ज कराए जाएंगे.
समीर हत्याकांड केस: मुजफ्फरपुर के चर्चित पूर्व मेयर समीर कुमार और उनके चालक रोहित कुमार की हत्या मामले में सोमवार को सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से चौथे गवाह का बयान दर्ज कराया गया. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में गवाही के बाद मामले की अगली सुनवाई 5 अगस्त को तय की गई है.
पूर्व मेयर के भाई ने कोर्ट में दर्ज कराई गवाही
सोमवार को अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से वैशाली जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के हिलालपुर निवासी सुमित कुमार भारद्वाज को चौथे गवाह के रूप में पेश किया गया. सुमित कुमार भारद्वाज, पूर्व मेयर समीर कुमार के भाई हैं. अदालत ने उनका बयान दर्ज किया.
इससे पहले मामले में नगर थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर एवं केस के सूचक मो. सुजाउद्दीन, मृत चालक रोहित कुमार के पिता राजेश मिश्रा और पूर्व मेयर की पत्नी वर्षा रानी अपनी गवाही दे चुके हैं.
5 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 5 अगस्त की तिथि निर्धारित की है. अभियोजन पक्ष की ओर से आगे भी अन्य गवाहों को पेश किया जाएगा.
2023 में दाखिल हुई थी पूरक चार्जशीट
मामले के जांच अधिकारी ने 28 जून 2023 को नगर थाना के कल्याणी चौक निवासी राजू साह उर्फ राजू तुरहा, कटरा थाना के धनौर निवासी शंभू सिंह और सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी प्रद्युम्न शर्मा उर्फ मंटू शर्मा के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की थी.
इस मामले के चौथे चार्जशीटेड आरोपित आशुतोष कुमार उर्फ आशुतोष शाही की बाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
2018 में हुई थी पूर्व मेयर और चालक की हत्या
गौरतलब है कि 23 सितंबर 2018 की शाम पूर्व मेयर समीर कुमार अपने चालक रोहित कुमार के साथ कार से अखाड़ाघाट स्थित होटल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान चंदवारा के नवाब रोड पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार पर अत्याधुनिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी.
इस हमले में पूर्व मेयर समीर कुमार और उनके चालक रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी. यह हत्याकांड मुजफ्फरपुर के चर्चित मामलों में शामिल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Premanshu Shekhar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










