Muzaffarpur News: एटीएम लाने के बहाने बुक की पिकअप, चालक को नशीली लस्सी पिलाकर गाड़ी और मोबाइल लूटा
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 26 May 2026 9:05 PM
Muzaffarpur News: एटीएम लाने के बहाने बुक की पिकअप, चालक को नशीली लस्सी पिलाकर गाड़ी और मोबाइल लूटा
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से एटीएम लाने के बहाने बुक की गई पिकअप के चालक को गोपालगंज के महमदपुर में नशीली लस्सी पिलाकर बेहोश कर दिया गया. शातिर अपराधी पिकअप और मोबाइल लूटकर फरार हो गया .पढे़ं पूरी खबर…
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज से गोपालगंज के महमदपुर के लिए बुक की गई एक पिकअप के चालक को शातिर अपराधी ने नशीली लस्सी पिलाकर बेहोश कर दिया. इसके बाद अपराधी पिकअप वैन, चालक के पास रखे सात सौ रुपये और एक कीमती एंड्रॉइड मोबाइल लूटकर फरार हो गया. घटना महमदपुर थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर सोमवार की शाम को अंजाम दी गई .
एटीएम लाने के बहाने साहेबगंज से बुक की थी पिकअप
पीड़ित चालक मोहम्मद तौहीद बसंतपुर चैनपुर पंचायत के आनंदीछपड़ा के निवासी हैं. उन्होंने बताया कि साहेबगंज नगर परिषद के रामपुर असली निवासी टाइल्स एवं मार्बल व्यवसायी रंधीर कुमार पटेल की दुकान पर एक अज्ञात शख्स आया था. उसने बताया कि गोरखपुर से तीन पीस एटीएम मशीन महमदपुर पहुंचने वाली है, जिसे साहेबगंज लाना है.भाड़ा तय होने के बाद चालक तौहीद सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे साहेबगंज से महमदपुर के लिए रवाना हुए. रास्ते में नवल किशोर चौक के पास से आरोपी ने अपना एक बैग भी पिकअप पर रखवाया और पूरे रास्ते किसी से फोन पर बात करता रहा .
लस्सी पीते ही बेहोश हुआ चालक, मालिक ने अस्पताल में कराया भर्ती
शाम करीब 5 बजे महमदपुर पहुंचने पर लुटेरे ने पिकअप रुकवाई और चालक को पीने के लिए लस्सी दी. लस्सी पीने के कुछ ही देर बाद चालक बेहोश हो गया. मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे जब चालक को होश आया, तो उसने खुद को लावारिस हालत में पाया.पीड़ित ने तुरंत महमदपुर थाना पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई. पुलिस की सूचना पर पहुंचे पिकअप मालिक रंधीर कुमार पटेल ने चालक को साहेबगंज सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस संबंध में पीड़ित मालिक ने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.महमदपुरथानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन और अपराधी की तलाश में जुट गई है .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










