Muzaffarpur News: रिटायर्ड बैंक अधिकारी के बंद घर में भीषण चोरी, नकदी और गहनों समेत शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी ले उड़े चोर

Ai photo
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर में इलाज के लिए मुंबई गए रिटायर्ड बैंक अधिकारी के बंद घर में भीषण चोरी हुई है. चोरों ने लाखों के जेवर, नकदी और बच्चों के सर्टिफिकेट उड़ा लिए. पुलिस मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है....
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुराधनुखर टोला स्थित कामेश्वरी नगर में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. यहां रहने वाले रिटायर्ड बैंक अधिकारी नवीन प्रसाद के बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है. घटना की संवेदनशीलता इस बात से और बढ़ जाती है कि पीड़ित बैंक अधिकारी पिछले तीन माह से अपनी पत्नी के गंभीर रोग के इलाज के सिलसिले में मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में हैं.
पीछे की खिड़की का ग्रिल काटकर घुसे अपराधी
जानकारी के अनुसार, चोरों ने वारदात के लिए घर के पिछले हिस्से को चुना. चोरों ने घर के पीछे की खिड़की का ग्रिल तोड़ दिया और कमरे के भीतर दाखिल हो गए. घर के मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ था, जिससे बाहर से किसी को भी अनहोनी का आभास नहीं हुआ. घर के भीतर प्रवेश करने के बाद अपराधियों ने इत्मीनान से हर कमरे की तलाशी ली
गहने, नकदी और बच्चों के सर्टिफिकेट भी गायब
घर के भीतर का नजारा बेहद डरावना था. चोरों ने कमरे में रखी गोदरेज और सभी अलमारियों के लॉक तोड़ दिए थे. नवीन प्रसाद के छोटे भाई जब मकान की सुध लेने पहुंचे, तब इस भीषण चोरी का खुलासा हुआ. उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ाहै. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोर घर में रखे सोने-चांदी के सारे जेवरात और नकदी समेट ले गए हैं. सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि चोरों ने अलमारी में रखे उनके दोनों बच्चों के ओरिजिनल शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी नहीं छोड़े.
जांच में जुटी काजीमोहम्मदपुरपुलिस
घटना की सूचना मिलते ही काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हालांकि, चोरी गई कुल संपत्ति का सटीक आकलन अभी नहीं हो पाया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित नवीन प्रसाद के मुंबई से लौटने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कुल कितने लाख की चोरी हुई है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










