मुजफ्फरपुर: मुशहरी में लूट और गोलीबारी की तीन वारदातों का 5 घंटे में खुलासा
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 09 Jun 2026 5:30 PM
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मुशहरी में 5 घंटे के भीतर लूट और गोलीबारी की तीन वारदातों का खुलासा. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल और बाइक बरामद. जानिए खबर विस्तार से…
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. मुशहरी थाना और मुरौल ओपी क्षेत्र में महज पांच घंटे के भीतर हुई लूटपाट और गोलीबारी की तीन वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीम ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुशहरी थाना क्षेत्र के ओम कुमार और रौशन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक, एक खोखा, लूटा गया मोबाइल फोन और कुछ जरूरी कागजात बरामद किए हैं.
एक रात में तीन वारदातों को दिया था अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 8 जून 2026 की रात लगभग 10:15 बजे हुई. मुरौल ओपी क्षेत्र के मुशहरी-पूसा मार्ग पर धर्मागतपुर गंगटी के पास एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर एक व्यक्ति को रोक लिया. अपराधियों ने धमकाकर पीड़ित से मोबाइल फोन और एक पर्स छीन लिए.
विरोध करने पर मारी थी गोली
इस घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आगे बढ़े और वारदात स्थल से करीब चार किलोमीटर दूर दरधा गांधी चौक के पास एक अन्य युवक से उसका मोबाइल फोन छीन लिया. इतने पर भी अपराधियों का मन नहीं भरा. उन्होंने मुशहरी थाना क्षेत्र के दरधा बाजार के पास एक और व्यक्ति से लूटपाट का प्रयास किया. जब उस व्यक्ति ने इस लूट का कड़ा विरोध किया, तो बेखौफ अपराधियों ने उसे सीधे गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने दबोचा
एक ही रात में लगातार हुई इन तीन वारदातों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी (SSP) कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पूर्वी-02 कर रहे थे, जिसमें जिला आसूचना इकाई (DIU), मुशहरी थानाध्यक्ष और मुरौल ओपी प्रभारी को शामिल किया गया था. गठित टीम ने सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई की और महज 5 घंटे में छापेमारी करते हुए दोनों आरोपितों को दबोच लिया.
गिरफ्तार ओम कुमार का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों में से ओम कुमार का पुराना और काफी गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ मुशहरी थाने में वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. इसके अलावा वर्ष 2025 में सरैया और मुशहरी थाने में ही हत्या से जुड़े संगीन मामले दर्ज हैं. पुलिस इस कांड में संलिप्त अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उनके सभी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










