Muzaffarpur News: कुत्तों के आतंक से मिलेगी राहत, खुदीराम बोस चिता स्थल के पास बनेगा नसबंदी अस्पताल

सशक्त स्थायी समिति की बैठक
Muzaffarpur News: शहर की सड़कों पर आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से अब जल्द राहत मिलने वाली है. महापौर निर्मला साहू की अध्यक्षता में सोमवार को हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए. लकड़ीढाई स्थित खुदीराम बोस चिता स्थल के पास कुत्तों की नसबंदी (एबीसी) सह शेल्टर होम के निर्माण […]
Muzaffarpur News: शहर की सड़कों पर आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से अब जल्द राहत मिलने वाली है. महापौर निर्मला साहू की अध्यक्षता में सोमवार को हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए. लकड़ीढाई स्थित खुदीराम बोस चिता स्थल के पास कुत्तों की नसबंदी (एबीसी) सह शेल्टर होम के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है. यहाँ कुत्तों की नसबंदी के साथ-साथ एंटी-रेबीज इंजेक्शन की भी व्यवस्था होगी.
निगम ऑफिस में अब जींस-टीशर्ट और चप्पल पर बैन
नगर निगम ने अपनी कार्यसंस्कृति सुधारने के लिए कड़ा रुख अपनाया है. अब कार्यालय में जींस, टी-शर्ट और चप्पल पहनकर आने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है. सभी अधिकारियों और कर्मियों के लिए फॉर्मल ड्रेस कोड अनिवार्य होगा. साथ ही, ड्यूटी के दौरान गले में पहचान पत्र (आईडी कार्ड) लटकाना भी जरूरी कर दिया गया है. एक ही टेबल पर वर्षों से जमे कर्मियों की सूची भी तैयार की जा रही है.
मछली-मांस के लिए अलग मार्केट, बनेंगे तीन वेंडिंग जोन
स्वच्छता के मद्देनजर अब चौक-चौराहों और सब्जी मंडियों में मांस-मछली की बिक्री नहीं होगी. इसके लिए अलग से डेडिकेटेड मार्केट बनाया जाएगा. इसके अलावा, शहर में तीन नए वेंडिंग जोन (एमआईटी बाउंड्री के पास, नीम चौक और आरडीएस कॉलेज गेट के समीप) तैयार किए जाएंगे. अतिक्रमणकारियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.
प्रॉपर्टी टैक्स पर फिलहाल राहत, जांच कमेटी गठित
सड़कों के नए सिरे से वर्गीकरण और प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाने के प्रस्ताव पर महापौर ने फिलहाल रोक लगा दी है. इसके लिए एक जांच कमेटी गठित की गई है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर ही भविष्य में कोई निर्णय लिया जाएगा. बैठक में उप महापौर डॉ. मोनालिसा और नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे.
मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










