Muzaffarpur News: चेन स्नेचर्स का तांडव, मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से 3 लाख की चेन छीनी

विज्ञापन
Muzaffarpur News mithanpura chain snatching morning walk woman police investigation

प्रतीकात्मक फोटो

Muzaffarpur News: मिठनपुरा में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार बदमाशों ने 3 लाख की चेन छीन ली. 3 दिन में दूसरी बड़ी वारदात से शहर के पॉश इलाकों में दहशत है और पुलिस की गश्ती पर सवाल उठ रहे हैं. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Muzaffarpur News: शहर में बाइक सवार झपट्टा मार अपराधियों का दुस्साहस चरम पर है. पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों को ठेंगा दिखाते हुए अपराधियों ने मिठनपुरा थाना क्षेत्र में एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली 52 वर्षीय संगीता कुमारी के गले से अपराधियों ने करीब तीन लाख रुपये की सोने की चेन झपट ली. मिठनपुरा इलाके में पिछले 72 घंटों के भीतर स्नेचिंग की यह दूसरी बड़ी घटना है.

रामबाग झुन्नी साह लेन में झपट्टा

जानकारी के अनुसार, घटना रामबाग स्थित झुन्नी साह लेन में हुई. महिला जैसे ही गली के सुनसान मोड़ पर पहुंची, पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारा. झटके की वजह से महिला जमीन पर गिर पड़ीं. जब तक आसपास के लोग जुटते, अपराधी तेजी से फरार हो चुके थे. इस घटना से पॉश इलाकों में रहने वाली महिलाओं के बीच भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त है.

72 घंटे में दो बड़ी वारदातें, पुलिस दावों की खुली पोल

मिठनपुरा में अपराधियों के बढ़ते मनोबल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोमवार रात को ही मुखर्जी सेमिनरी रोड में एक बुजुर्ग महिला से 5 लाख का मंगलसूत्र छीना गया था. लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की गश्ती केवल मुख्य सड़कों तक सीमित रह गई है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, सुराग मिलने का दावा

घटना की सूचना पर अपर थानेदार पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने बिमल बाबा गली से लेकर मुख्य सड़क तक के आधा दर्जन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज स्कैन किए हैं. अपर थानेदार ने दावा किया है कि पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस ने सुबह और शाम की गश्ती तेज करने का निर्देश दिया है.

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन