मुजफ्फरपुर: कारगिल शहीद प्रमोद कुमार का 27वां शहादत दिवस मना, दी गयी श्रद्धांजलि
Author : SUMIT KUMAR Published by : Aniket Kumar Updated At : 30 May 2026 3:26 PM
कारगिल शहीद प्रमोद कुमार
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के माधोपुर सुस्ता में कारगिल शहीद प्रमोद कुमार का 27वां शहादत दिवस मनाया गया. विधायक बेबी कुमारी, सुरेश शर्मा और अजय निषाद ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर नमन किया. पढे़ं पूरी खबर...
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी से अजय कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत माधोपुर सुस्ता में कारगिल युद्ध के वीर सपूत शहीद प्रमोद कुमार का 27वां शहादत दिवस गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया. इस मौके पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित जिले और कुढ़नी क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया. बोचहां विधायक बेबी कुमारी, पूर्व नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा और पूर्व सांसद अजय निषाद समेत अन्य नेताओं ने शहीद प्रमोद के स्मारक स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी वीरता को नमन किया.
वीर सपूत को जन्म देने वाली मां धन्य: बेबी कुमारी
शहादत दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोचहां की विधायिका बेबी कुमारी ने कहा कि शहीद प्रमोद की मां दौलती देवी धन्य हैं, जिन्होंने ऐसे वीर सपूत को जन्म दिया, जिसने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया. वहीं, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा और पूर्व सांसद अजय निषाद ने शहीद प्रमोद के अदम्य साहस को याद करते हुए कहा कि मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवान हमेशा के लिए अमर हो जाते हैं. उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी .
पाकिस्तानी सैनिकों से लोहा लेते हुए हुए थे शहीद
विदित हो कि 30 मई 1999 को भारत और पाकिस्तान के बीच छिड़े कारगिल युद्ध के दौरान प्रमोद कुमार ने पाकिस्तानी घुसपैठियों और सैनिकों से वीरतापूर्वक लोहा लेते हुए वीरगति प्राप्त की थी. इस स्मृति सभा के मौके पर शहीद प्रमोद के बड़े भाई श्यामनंदन यादव, सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के उपाध्यक्ष महेश राय, प्रो. हरिशंकर भारती, कुढ़नी के मुखिया भोला राय और शंकर कुशवाहा समेत भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने शहीद के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










