मुजफ्फरपुर: बिना दरवाजे की झोपड़ी में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
Muzaffarpur News: कांटी में 50 वर्षीय हरेंद्र पासवान का शव झोपड़ी में संदिग्ध स्थिति में फंदे से लटका मिला. पैर जमीन से टिके होने के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज मिश्रा की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: जिले के कांटी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना कांटी नगर परिषद के वार्ड संख्या 26 नया टोला नरसंडा की है. मृतक की पहचान टिगन पासवान के 50 वर्षीय पुत्र हरेंद्र पासवान के रूप में की गई है.
बिना दरवाजे की झोपड़ी में फंदे से लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार, हरेंद्र पासवान अपने तीन भाइयों में से एक था और अविवाहित होने के कारण घर के ठीक सामने ही एक झोपड़ी बनाकर अकेले रहता था. सुबह के समय जब आसपास के स्थानीय लोगों की नजर बिना दरवाजे वाली इस झोपड़ी के अंदर पड़ी, तो उन्होंने हरेंद्र का शव फंदे से लटका देखा. लोगों के शोर मचाने पर मृतक के परिजनों सहित ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. शव को देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इसकी सूचना कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक को दी.
जमीन से टिके थे पैर, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के पिता टिगन पासवान ने बताया कि हरेंद्र की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह बिना वजह कहीं आता-जाता भी नहीं था. रोज की तरह वह रात को खाना खाकर अपनी झोपड़ी में सोने चला गया था. हालांकि, परिजनों ने इस घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का तर्क है कि झोपड़ी के अंदर चौकी के पास एस्बेस्टस के नीचे लगे बांस से शव लटका हुआ था, लेकिन मृतक के दोनों पैर घुटने के बल जमीन पर टिके थे. ऐसे में पैर जमीन पर होने के कारण वे इसे आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं और किसी के द्वारा हत्या कर शव को टांग देने का आरोप लगा रहे हैं.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने दारोगा रामू रविदास और डायल 112 के उदय कुमार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा. पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच-पड़ताल करने के बाद शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों से आवेदन मिलते ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










