मुजफ्फरपुर: कांटी के नरसंडा चौक पर मोबाइल दुकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
Muzaffarpur News Kanti mobile shop burglary narsanda chowk cctv footage police investigation

नरसंडा चौक स्थित मोबाइल दुकान

Muzaffarpur News: कांटी के नरसंडा चौक स्थित एक मोबाइल दुकान से शनिवार की देर रात चोरों ने इन्वर्टर और बैटरी समेत लाखों का सामान उड़ा लिया. सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Muzaffarpur News: कांटी थाना अंतर्गत नरसंडा चौक स्थित ‘कमल मोबाइल दुकान’ में शनिवार की देर रात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित दुकानदार अंशु कुमार ने पुलिस को बताया कि चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे इन्वर्टर, बैटरी समेत लाखों रुपये के कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया. रविवार की सुबह जब स्थानीय लोगों से दुकान का ताला टूटने की सूचना मिली, तब पीड़ित दुकानदार मौके पर पहुंचे और अंदर का नजारा देख दंग रह गए. इसके तुरंत बाद मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई.

सूचना पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

चोरी की सूचना मिलते ही कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, दरोगा विदुर कुमार और मोतीलाल राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. थानाध्यक्ष ने पीड़ित दुकानदार और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की. इसके बाद पुलिस ने नरसंडा चौक और आसपास की दुकानों में लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला. लगातार हो रही चोरी की वारदातों से क्षेत्र के व्यवसायियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल बना हुआ है.

पुलिस को मिले अहम सुराग, जल्द होगा मामले का खुलासा

पीड़ित दुकानदार अंशु कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह शनिवार रात भी दुकान बढ़ाकर घर चले गए थे. चोरी गए सामानों का सटीक आकलन बिल देखने के बाद ही हो पाएगा. इधर, थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि नरसंडा चौक पर मोबाइल दुकान में चोरी की घटना की तकनीकी जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग (क्लू) हाथ लगे हैं. पुलिस टीम छापेमारी कर रही है और बहुत जल्द चोरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन