मुजफ्फरपुर: ढाबे पर बिल विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
घायल युवक
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के कांटी में ढाबे पर खाना खाने के बाद बिल भुगतान को लेकर हुए विवाद में युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. घायल का पटना में इलाज चल रहा है. पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई की बात कही है. जानिए खबर विस्तार से...
मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मीनापुर थाना क्षेत्र के पानापुर ओपी अंतर्गत एक ढाबे पर खाना खाने के बाद बिल भुगतान को लेकर हुए विवाद में ढाबा संचालक पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है. घटना में किशुनगर निवासी रमेश कुमार सिंह के करीब 30 वर्षीय पुत्र अनिकेत कुमार उर्फ कुंदन गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका इलाज पटना के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
बिल भुगतान के दौरान हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार देर रात खाना खाने के बाद बिल को लेकर विवाद शुरू हुआ. इसी दौरान ढाबा संचालक ने धारदार हथियार से अनिकेत पर हमला कर दिया. हमले में उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को कांटी पीएचसी ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया. परिजनों ने बताया कि निजी अस्पताल में उसका ऑपरेशन किया गया है और उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.
दोनों पक्षों ने लगाए आरोप
घायल के परिजनों ने ढाबा संचालक पर हत्या की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है. वहीं ढाबा संचालक ने भी घायल के भाई पर हमला कर जख्मी करने का आरोप लगाया है. पानापुर ओपी प्रभारी जग्गू बिंद ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










