Muzaffarpur News: 13 वर्षीय किशोरी का अपहरण, आरोपी ने फोन कर दी चुनौती- "पुलिस-कोर्ट से नहीं डरते"

प्रतीकात्मक फोटो
Muzaffarpur News: ब्रह्मपुरा में 13 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर लिया गया है. अपहरणकर्ताओं ने परिजनों को फोन कर कानून और पुलिस को खुली चुनौती दी है. पीड़िता की नानी ने सरैया के तीन दबंगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पढ़ें पूरी खबर…
Muzaffarpur News: जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र से अपहरण का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक 13 वर्षीय किशोरी के अपहरण के बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार को फोन कर खुलेआम पुलिस और कानून को चुनौती दी है. मामले को लेकर किशोरी की नानी ने तीन नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
सामान लेने निकली थी किशोरी, नहीं लौटी वापस
घटना 11 मई की सुबह करीब 9:00 बजे की है. पीड़िता की नानी के अनुसार, किशोरी अपने भतीजे के लिए सामान लेने घर से लक्ष्मी चौक की ओर निकली थी. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी बीच पीड़िता की मां के मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसने पूरे परिवार के होश उड़ा दिए.
“कानून से नहीं लगता डर”- आरोपी की खुली चुनौती
परिजनों का आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने सीधे तौर पर अपहरण की बात स्वीकार की. आरोपी ने धमकी भरे लहजे में कहा कि “लड़की मेरे पास है और हम कोर्ट-कचहरी या पुलिस-थाना से नहीं डरते हैं.” इस कॉल के बाद से परिवार किसी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है. महिला ने सरैया थाना क्षेत्र के पोखरैरा नया रोड निवासी तीन लोगों को इस साजिश के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार ठहराया है.
आपराधिक इतिहास वाले परिवार पर आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी पहले से ही हत्या जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त हैं और उनके परिवार का चरित्र आपराधिक रहा है. परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द किशोरी की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है. पुलिस तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों के ठिकाने का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










