मुजफ्फरपुर: पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, हैदराबाद से मंगाई जाएंगी मल्टी पोस्ट ईवीएम 

Updated:
विज्ञापन
Muzaffarpur News bihar panchayat election evm warehouse security hyderabad multi post machines

मल्टीपोस्ट इवीएम की तस्वीर

Muzaffarpur News: बिहार पंचायत चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर में तैयारियां तेज हैं. हैदराबाद से मल्टी पोस्ट ईवीएम मंगाई जा रही हैं, जिन्हें सीसीटीवी और डबल लॉक वाले सुरक्षित वेयर हाउस में रखा जाएगा. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Muzaffarpur News: बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है. प्रपत्र एक के प्रकाशन के बाद अब दावा-आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसी कड़ी में चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए ईवीएम (EVM) रखने वाले वेयर हाउस (गोदाम) को चिह्नित कर वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों को इस संबंध में सख्त गाइडलाइन जारी की है. आयोग ने निर्देश दिया है कि वेयर हाउस को अविलंब चिह्नित कर उसकी मरम्मत का काम शीघ्र पूरा करा लें, ताकि ईवीएम की सुरक्षा पुख्ता की जा सके.

डबल लॉक और सीसीटीवी से 24 घंटे होगी निगरानी

सुरक्षा मानकों को लेकर निर्वाचन आयोग बेहद गंभीर है. जारी गाइडलाइन के अनुसार, सभी वेयर हाउस में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया है, ताकि मशीनों की 24 घंटे कड़ाई से निगरानी की जा सके. सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए वेयर हाउस में ‘डबल लॉक’ (दोहरे ताले) की व्यवस्था रहेगी. इसके अलावा, सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों (बीपीआरओ) को संबंधित वेयर हाउस का प्रभारी नामित किया गया है, जिनकी सीधी देखरेख में यह पूरी व्यवस्था संचालित होगी.

हैदराबाद से आएंगी मशीनें, इंजीनियर करेंगे जांच

चुनाव में इस बार हैदराबाद से आधुनिक मल्टी पोस्ट ईवीएम मंगवाई जाएगी. इन मशीनों के जिले में पहुंचते ही इनकी फिटनेस जांच और फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) का कार्य शुरू होगा. यह पूरी प्रक्रिया नोडल पदाधिकारी और तकनीकी अभियंताओं (इंजीनियरों) की संयुक्त देखरेख में संपन्न कराई जाएगी, ताकि मतदान के दौरान किसी भी तकनीकी खराबी की गुंजाइश न रहे.

दूसरी तरफ, प्रपत्र एक के प्रकाशन के बाद मिल रहे दावा-आपत्तियों का भी तेजी से निपटारा किया जा रहा है. समय सीमा के भीतर इन सभी प्रक्रियाओं को पूरा कर फाइनल वोटर लिस्ट और चुनाव की अगली तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा.

मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन