मुजफ्फरपुर: भीषण गर्मी में बढ़ा जल संकट, पाइप टूटने से तीन दिनों से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग

Edited by SUMIT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

पाइप टूटने से तीन दिनों से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग

Muzaffarpur News: कांटी प्रखंड के सरमसपुर पांडे टोला में मुख्य पाइपलाइन फटने से पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति ठप है. भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, वहीं प्रशासन की सुस्ती से लोगों में भारी आक्रोश है. पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड अंतर्गत रामनाथ धमौली पश्चिमी पंचायत के सरमसपुर पांडे टोला (वार्ड 9) में इन दिनों हाहाकार मचा हुआ है. यहां स्थित पानी टंकी से जलापूर्ति पूरी तरह बंद होने के कारण स्थानीय लोगों के सामने शुद्ध पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. स्थानीय निवासी अरुण पांडे, सुनील पांडे, मो शरीफ, राजू साह, अर्जुन पासवान और विवेक पांडे आदि ने बताया कि पांडे टोला चौराहा के पास चेंबर के नजदीक मुख्य पाइप क्षतिग्रस्त हो गया है. इसके कारण पिछले तीन दिनों से इस भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो पा रहा है.

गड्ढे में गंदे पानी के जमाव से बढ़ी मुश्किल

ग्रामीणों के अनुसार, शिकायत मिलने पर मरम्मत के लिए मिस्त्री मौके पर आया जरूर था, लेकिन गड्ढे और चेंबर में गंदा पानी भरा होने के कारण उसने काम करने से हाथ खड़े कर दिए. मिस्त्री का तर्क था कि चेंबर में जमा गंदा पानी अगर पाइप में चला गया, तो महामारी फैलने की और बड़ी समस्या पैदा हो जाएगी. हालांकि, लोगों का आरोप है कि अब चेंबर से पानी निकाल दिया गया है, इसके बावजूद क्षतिग्रस्त पाइप को ठीक करने में विभाग सुस्ती बरत रहा है.

बारिश होने पर और बिगड़ेंगे हालात

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही पाइप की मरम्मत नहीं हुई और इस बीच बारिश हो गई, तो गड्ढा फिर से भर जाएगा. इसके बाद लोगों को पानी सूखने का लंबा इंतजार करना पड़ेगा. सबसे ज्यादा परेशानी अनुसूचित जाति के उन गरीब परिवारों को हो रही है जिनके घरों में चापाकल भी नहीं है. उन्हें दूसरों के घरों से पानी ढोना पड़ रहा है. मामले पर संज्ञान लेते हुए बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति ने बताया कि संबंधित विभाग को सूचित कर दिया गया है और जल्द ही इस समस्या का स्थाई समाधान कर दिया जाएगा.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन