मुजफ्फरपुर: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, युवती को आंध्र प्रदेश ले जा रहा युवक जंक्शन पर पकड़ा गया
सांकेतिक तस्वीर
Muzaffarpur News: असम की एक युवती को लेकर आंध्रप्रदेश जा रहे युवक को मुजफ्फरपुर जंक्शन के बाहर पुलिस ने हिरासत में लिया है. युवती के अपहरण का मामला असम में पहले से दर्ज है. जानिए खबर विस्तार से…
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जंक्शन के बाहर संदिग्ध स्थिति में खड़े एक युवक और युवती को पुलिस ने हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक असम की युवती को लेकर आंध्रप्रदेश जा रहा था. मामले की सूचना मिलने पर खुफिया विभाग की टीम ने भी दोनों से पूछताछ की. युवती के परिजनों ने असम के तिनसुखिया जिले के काकाजन थाना में पहले से अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करा रखी है.
जंक्शन के बाहर पुलिस ने दोनों को लिया हिरासत में
जानकारी के अनुसार, जंक्शन के बाहर युवक और युवती संदिग्ध परिस्थिति में खड़े थे. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची. पूछताछ के दौरान युवती के परिजनों से संपर्क किया गया, जिन्होंने बताया कि मामले में असम में अपहरण का केस दर्ज है. इसके बाद असम पुलिस परिजनों के साथ मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो गई.
फेसबुक से हुई दोस्ती, मंदिर में की शादी
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि सात वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से युवक से उसकी दोस्ती हुई थी. दोनों के घर भी करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर हैं. 10 जून को दोनों घर से निकल गए, कामाख्या पहुंचे और वहां एक मंदिर में शादी कर ली. इसके बाद ट्रेन से आंध्रप्रदेश जा रहे थे. मुजफ्फरपुर जंक्शन पर खाना खाने के लिए उतरने के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया.
युवक बोला- मुझे असम मत भेजिए
पूछताछ के दौरान युवक बार-बार पुलिस से यह कहता रहा कि उसे असम नहीं भेजा जाए. उसका कहना था कि वहां पुलिस उसके घर पर बुलडोजर चला देगी. फिलहाल नगर थाना पुलिस और खुफिया विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. असम पुलिस के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










