मुजफ्फरपुर: मरीन ड्राइव रोड पर दो गुटों में खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में चार घायल
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 24 May 2026 12:15 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुजफ्फरपुर के मरीन ड्राइव रोड पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प और चाकूबाजी में चार युवक घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पढ़ें पूरी खबर...
Muzaffarpur News: ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव रोड पर शनिवार देर शाम आपसी वर्चस्व और पुराने विवाद को लेकर युवकों के दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
एक की हालत नाजुक
घायलों में शिवम कुमार, साहिल कुमार समेत दो अन्य युवक शामिल हैं. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
डॉक्टरों के अनुसार एक युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.
मरीन ड्राइव पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हुई थी. विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने फोन कर अपने कई साथियों को हथियार और लाठी-डंडों के साथ मौके पर बुला लिया.
इसके बाद हमलावरों ने दूसरे पक्ष के युवक को घेरकर मरीन ड्राइव रोड पर दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीटा. युवक सड़क पर अधमरी हालत में गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए.
प्रतिशोध में दूसरे गुट ने किया हमला
अपने साथी पर हमले की जानकारी मिलते ही दूसरा गुट भी आक्रोशित हो गया. प्रतिशोध में युवकों ने हमलावरों के मोहल्ले में पहुंचकर एक युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की.
बताया गया कि उसे घसीटते हुए वापस मरीन ड्राइव रोड तक लाया गया. बीच सड़क पर हुई इस हिंसक घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस पहुंचते ही भागे उपद्रवी
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना अध्यक्ष बिपिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखते ही सभी उपद्रवी गलियों के रास्ते फरार हो गए.
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना अध्यक्ष ने बताया कि दोनों गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर मारपीट हुई है. फिलहाल अस्पताल में भर्ती युवकों का बयान दर्ज किया जा रहा है.
पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










