मुजफ्फरपुर: इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर प्यार के जाल में फंसाया, बर्थडे पार्टी में नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला किया दुष्कर्म, अब शादी से कर रहा इनकार
इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद 17 साल की छात्रा से दुष्कर्म
Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर 17 वर्षीय छात्रा को जाल में फंसाया गया. बर्थडे पार्टी में नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया गया और अब शादी से मुकर रहे आरोपी के खिलाफ नगर थाने में केस दर्ज कराया गया है.जानिए पूरी खबर…
Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर शहर में सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद एक नाबालिग छात्रा को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है.मिठनपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली आठवीं पास छात्रा को इंस्टाग्राम (Instagram) पर दोस्ती करना बेहद महंगा पड़ गया. आरोप है कि नगर थाना क्षेत्र के शुक्ला रोड निवासी एक युवक ने पहले छात्रा को प्यार के जाल में फंसाया, फिर अपनी बर्थडे पार्टी में नशीला पदार्थ मिला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद आरोपी शादी का झांसा देकर लगातार यौन शोषण करता रहा और अब शादी करने से साफ मुकर गया है. घटना को लेकर पीड़ित छात्रा और उसकी मां ने गुरुवार को नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है

मॉल में काम करती है पीड़िता, इंस्टाग्राम पर हुआ था दोस्ती
पीड़ित छात्रा की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्री की उम्र महज 17 साल है. वह आठवीं पास है, लेकिन पारिवारिक मजबूरियों और तंगहाली के कारण वह माड़ीपुर स्थित एक मॉल में काम करती है. इसी दौरान इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पुत्री की दोस्ती शुक्ला रोड निवासी उक्त युवक से हुई थी, जो खुद कलमबाग चौक के पास एक मॉल में काम करता है.मां के अनुसार, कुछ समय पहले आरोपी के बर्थडे पार्टी में कुछ लड़कियों ने उसकी पुत्री को बुलाया था. इसी पार्टी के दौरान आरोपी ने उसकी बच्ची को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ गलत काम (दुष्कर्म) किया.
शादी का झांसा देकर किया यौन शोषण, जबरन खिलाई गर्भपात की दवा
पीड़िता का आरोप है कि पहली बार दुष्कर्म करने के बाद आरोपी युवक ने लोक-लाज का डर दिखाया और शादी करने का वादा किया. इसके बाद वह शादी का झांसा देकर छात्रा को अक्सर अपने घर बुलाने लगा और कई बार उसका शारीरिक शोषण किया. इस दौरान पीड़िता के गर्भवती होने पर आरोपी ने उसे कई बार जबरन गर्भपात (Abortion) की दवाइयां भी खिलाईं. अब जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और उसे ब्लैकमेल व प्रताड़ित करना शुरू कर दिया.
पॉक्सो एक्ट के तहत जांच में जुटी पुलिस, महिला कर्मियों ने दर्ज किया बयान
थाने पहुंची पीड़ित छात्रा से नगर थाने की महिला पुलिसकर्मियों ने एकांत में घटना के संबंध में विस्तृत और बिंदुवार जानकारी ली. पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो (POCSO) एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत कार्रवाई में जुट गई है. नगर थाने के अपर थानेदार रविकांत दुबे ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत मिली है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है. आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उसके ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है और जल्द ही पीड़िता का कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










