Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के आयुष झा बने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 14 Jun 2026 7:33 PM
भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने के बाद आयुष झा
मुजफ्फरपुर के गायघाट प्रखंड स्थित जहाँगीरपुर गांव के आयुष झा भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बने हैं. कारगिल युद्ध में सेवा दे चुके सैनिक के पुत्र आयुष ने एनडीए परीक्षा उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है. उनकी सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है. पढ़ें पूरी खबर...
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड स्थित जहाँगीरपुर गांव के आयुष झा ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है. हैदराबाद स्थित वायु सेना अकादमी में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में उन्हें फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कमीशन प्रदान किया गया.
इस अवसर पर भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. परेड के दौरान देशभर से चयनित युवा अधिकारियों ने भारतीय सशस्त्र बलों में अपनी नई जिम्मेदारियों की शुरुआत की.
पिता की सैन्य विरासत को आगे बढ़ाया
आयुष झा ऐसे परिवार से आते हैं, जहां देश सेवा की मजबूत परंपरा रही है. उनके पिता रंधीर झा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और कारगिल युद्ध के दौरान भी देश की सेवा कर चुके हैं. परिजनों के अनुसार बचपन से ही आयुष अपने पिता की वर्दी और सैन्य जीवन से प्रभावित थे. उन्होंने कम उम्र में ही सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश सेवा करने का लक्ष्य तय कर लिया था.
एनडीए परीक्षा पास कर हासिल किया मुकाम
आयुष झा ने अपनी प्रारंभिक और स्कूली शिक्षा लखनऊ स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की तैयारी शुरू की. कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने वर्ष 2022 में एनडीए परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद सैन्य प्रशिक्षण की विभिन्न चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए भारतीय वायु सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार किया.
गांव में खुशी और गर्व का माहौल
आयुष की इस उपलब्धि से उनके परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि आयुष ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है.
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
परिजनों और स्थानीय लोगों ने आयुष झा की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है. उनका मानना है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं के लिए यह उपलब्धि एक बड़ा संदेश है कि दृढ़ संकल्प और परिश्रम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है. भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में नियुक्ति के साथ अब आयुष झा देश की सुरक्षा और सेवा में अपनी नई भूमिका निभाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










