फैक्ट्रियों के दूषित पानी से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, 100 एकड़ से ज्यादा फसल खराब!

प्रतीकात्मक तस्वीर
मोतीपुर की एथनॉल फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी ने हरनाही गांव के किसानों की जिंदगी नारकीय बना दी है. 100 एकड़ से अधिक फसल खराब होने और दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया.
Motipur Ethanol Factory: मोतीपुर प्रखंड के मुरारपुर औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फैक्ट्रियों से निकलने वाले कथित दूषित पानी के विरोध में शुक्रवार को हरनाही गांव के ग्रामीण सड़क पर उतर आए. आक्रोशित लोगों ने मोतीपुर-साहेबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया और फैक्ट्रियों के अपशिष्ट जल को गांव से दूर निकालने की मांग की.
100 एकड़ से अधिक फसल खराब होने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि मुरारपुर में संचालित कई एथनॉल फैक्ट्रियों से निकलने वाला दूषित पानी हरनाही गांव में पहुंच रहा है. इसके कारण 100 एकड़ से अधिक कृषि भूमि प्रभावित हो रही है और खेतों में लगी फसल लगातार खराब हो रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो खेती करना मुश्किल हो जाएगा.
दुर्गंध से नारकीय हुआ जीवन
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि दूषित पानी से उठने वाली बदबू के कारण गांव में रहना मुश्किल हो गया है. उनका आरोप है कि हालात ऐसे हो गए हैं कि कुछ परिवार गांव छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं.
ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि फैक्ट्रियों का दूषित पानी आबादी और कृषि क्षेत्र से अलग निकाला जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके.
पुलिस के समझाने पर खुला जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर बरूराज थानाध्यक्ष कुणाल कुमार कश्यप मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया.
करीब एक घंटे बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका.
पुलिस ने क्या कहा?
थानाध्यक्ष कुणाल कुमार कश्यप ने बताया कि सड़क करीब एक घंटे तक जाम रही. लोगों को समझाने-बुझाने के बाद जाम हटवा दिया गया है और अब मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










