अब बिना पासबुक डाकघर से निकाल और जमा कर सकेंगे पैसे, आधार और बायोमेट्रिक से होगा लेनदेन
डाकघर ग्राहकों के लिए बड़ी राहत! अब अपने आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) से आसानी से पैसे जमा और निकाल सकेंगे. पासबुक साथ रखने की झंझट खत्म. यह नई सुविधा सभी डाकघरों में उपलब्ध होगी, जिससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बहुत लाभ मिलेगा.
Post Office News: डाकघर में खाता रखने वाले ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है. डाक विभाग ने खाताधारकों की सुविधा के लिए एक बड़ा डिजिटल कदम उठाया है. अब ग्राहकों को लेन-देन के लिए हर बार पासबुक साथ रखने की जरूरत नहीं होगी. वे केवल अपने आधार कार्ड और बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से आसानी से पैसों की निकासी और जमा कर सकेंगे.
प्रधान डाकघर से लेकर ग्रामीण शाखाओं तक मिलेगी सुविधा
डाक विभाग के अनुसार, यह आधुनिक सुविधा मुजफ्फरपुर के मुख्य डाकघर, सभी उप-डाकघर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शाखा डाकघरों में उपलब्ध होगी. अब पासबुक न होने पर भी बैंकिंग कार्य प्रभावित नहीं होगा.

ग्रामीण खाताधारकों की बड़ी समस्या का समाधान
इस व्यवस्था का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा. अक्सर पासबुक फटने, खो जाने या घर पर छूट जाने के कारण लोगों को बिना काम कराए लौटना पड़ता था. इस नई पहल से दूर-दराज के गांवों में रहने वाले खाताधारक भी बिना किसी परेशानी के बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे.
सुरक्षित लेनदेन के लिए फिंगरप्रिंट ऑथेंटिकेशन
डाक विभाग ने अन्य कमर्शियल बैंकों की तर्ज पर आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (AePS) को लागू किया है. इसके तहत सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. काउंटर पर ग्राहक को केवल अपना फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) देना होगा. सिस्टम से बायोमेट्रिक मैच होते ही सुरक्षित तरीके से पैसे जमा या निकाले जा सकेंगे. इस सुविधा से जिले के लाखों खाताधारकों को सीधा फायदा मिलेगा.
अधिकारी का बयान
"यह सुविधा हर वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है. ग्रामीण क्षेत्र के लोग डाकघर से निकासी करने अधिक आते हैं और अक्सर पासबुक घर छूटने की समस्या सामने आती है. अब वे बिना किसी रुकावट के आधार से पैसे निकाल सकेंगे." — आशुतोष आदित्य, आरएमएस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए