मनियारी का 18 वर्षीय युवक ट्रेन दुर्घटना का शिकार, यूपी के गोंडा में गिरकर दर्दनाक मौत

Updated:
विज्ञापन
मनियारी :: ट्रेन से गिरकर मनियारी के युवक की गोंडा में मौत

गुजरात से घर लौट रहे मनियारी के 18 वर्षीय युवक जीशान की उत्तर प्रदेश के गोंडा में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। परिजनों में मचा कोहराम।

विज्ञापन

youth death train accident: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनौली गांव के एक 18 वर्षीय युवक की उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में ट्रेन दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान रतनौली गांव निवासी मोहम्मद फैयाज के पुत्र मोहम्मद जीशान (18 वर्ष) के रूप में की गई है.

गोंडा के मनकापुर-झिलाही स्टेशन के पास हुआ हादसा

दुर्घटना के संबंध में बताया गया कि यह हादसा गुरुवार को उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मनकापुर और झिलाही रेलवे स्टेशनों के बीच बंजरिया गांव के समीप हुआ.जीशान गुजरात से दिल्ली आया था और वहां से ट्रेन पकड़कर अपने घर लौट रहा था. यात्रा के दौरान चलती ट्रेन से अचानक अनियंत्रित होकर गिर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. गोंडा पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर कानूनी व कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया.

मैट्रिक पास कर पिता का हाथ बंटाने गुजरात गया था जीशान

परिजनों ने रोते-बिलखते हुए बताया कि जीशान ने इसी वर्ष 10वीं (मैट्रिक) की परीक्षा पास की थी. इसके बाद वह गुजरात में रह रहे अपने पिता की आर्थिक मदद के लिए वहां चला गया था. गुजरात में उसके पिता की टायर की दुकान है.जीशान दो भाइयों में सबसे बड़ा था और घर में किसी आवश्यक कार्यवश वापस लौट रहा था.

गांव में शव पहुंचते ही मचा कोहराम, गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक

शनिवार को जैसे ही मृतक जीशान का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव रतनौली लाया गया, परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परिजनों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों और रिश्तेदारों का तांता लगा रहा. देर शाम गमगीन माहौल में उसे मिट्टी दे दी गई (सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया). इस अकारण हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.


विज्ञापन
श्याम कुमार

लेखक के बारे में

By श्याम कुमार

प्रिंट मीडिया और ग्राफिक डिजाइन के क्षेत्र में 23 वर्षों का व्यापक अनुभव. पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज बन रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन