मुजफ्फरपुर: SKMCH में हड्डी वार्ड में शराब पार्टी कोल्ड ड्रिंक की बोतल में रखी थी देसी शराब, मरीज के पिता और भाई हिरासत में

Edited by SUMIT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

हड्डी वार्ड में शराब पार्टी

Liquor Found in SKMCH Ward: मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच अस्पताल के हड्डी रोग वार्ड में कोल्ड ड्रिंक की बोतल में छुपाकर रखी गई देसी शराब बरामद हुई है. पुलिस ने वैशाली के रहने वाले मरीज के पिता और भाई को हिरासत में ले लिया है.जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट

Liquor Found in SKMCH Ward: उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां गुरुवार को अस्पताल परिसर के अंदर शराब सेवन और शराब छुपाकर रखने का भंडाफोड़ हुआ है. अस्पताल के हड्डी रोग वार्ड (वार्ड 2) में भर्ती एक मरीज के परिजनों द्वारा सरेआम शराब पीने और वार्ड में शराब लाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मौके से पुलिस ने देसी शराब बरामद की है और इस मामले में मरीज के पिता और भाई को हिरासत में ले लिया है.

माजा और कोल्ड ड्रिंक की बोतल में भरकर लाते थे शराब

जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के निवासी बबलू शर्मा एसकेएमसीएच के हड्डी रोग वार्ड में भर्ती हैं. वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों ने शिकायत की कि बबलू शर्मा के पिता और भाई पिछले कई दिनों से अस्पताल में चोरी-छिपे शराब लेकर आते थे और वार्ड के आसपास बैठकर उसका सेवन करते थे. इससे वहां मौजूद अन्य मरीजों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.मरीजों का आरोप है कि पकड़े जाने के डर से आरोपी शराब को कभी पानी की बोतल, तो कभी माजा और अन्य सॉफ्ट ड्रिंक की बोतलों में भरकर बेहद शातिराना तरीके से अस्पताल के अंदर लाते थे.

SKMCH में हड्डी वार्ड में शराब पार्टी

मरीज की शिकायत पर पुलिस का एक्शन, झोले से बरामद हुई शराब

गुरुवार को वार्ड में भर्ती एक जागरूक मरीज ने इस पूरी हरकत की शिकायत अस्पताल प्रशासन से कर दी. सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच ओपी (OP) पुलिस तुरंत हरकत में आई और वार्ड में पहुंचकर जांच शुरू की. जब संदिग्धों के सामान की तलाशी ली गई, तो एक झोले में रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतल से देसी शराब बरामद हुई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मरीज के पिता चंदेश्वर ठाकुर और उसके भाई को हिरासत में ले लिया. पुलिस दोनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि सूबे में शराबबंदी के बावजूद अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह में शराब कहाँ से और कैसे पहुंचाई जा रही थी.

लापरवाही पर नपेंगे कर्मी, दोषी पाए जाने पर होगी FIR: अधीक्षक

एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही जांच के आदेश दे दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट आते ही जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अस्पताल इलाज का स्थान है, यहां इस तरह की अनैतिक गतिविधियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि वार्ड में सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित सिस्टर इंचार्ज की होती है, यदि जांच में स्टाफ की लापरवाही सामने आई तो उन पर भी गाज गिरेगी.

एसकेएमसीएच ओपी प्रभारी पिंटू कुमार ने बताया कि…..

एसकेएमसीएच ओपी प्रभारी पिंटू कुमार ने बताया कि मौके से देसी शराब जब्त कर ली गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अस्पताल परिसर के मुख्य गेट पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद यह शराब किस रास्ते से अंदर आ रही थी और क्या इसमें किसी बाहरी या अंदरूनी नेटवर्क की मिलीभगत है.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन