मुजफ्फरपुर: थाना परिसर में खराब पड़ा आरओ, शुद्ध पानी के लिए परेशान फरियादी

थाना परिसर में खराब पड़ा आरओ
मुजफ्फरपुर के कांटी थाना परिसर में शुद्ध पेयजल व्यवस्था ठप होने से भीषण गर्मी में फरियादी और आम लोग परेशान हैं. छह माह पहले लगाया गया आरओ बार-बार खराब हो रहा है. पढ़ें पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: भीषण गर्मी के बीच कांटी थाना परिसर में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से थाना आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. फरियादी और अन्य लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं.
थाना परिसर में नहीं है स्थायी व्यवस्था
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-17 स्थित थाना परिसर में सार्वजनिक स्थल होने के बावजूद पेयजल की स्थायी और बेहतर व्यवस्था नहीं है.
हालांकि थानाध्यक्ष के स्तर से लोगों के लिए पीने के पानी का जार मंगवाया जाता है, लेकिन गर्मी बढ़ने के कारण 20 लीटर का जार भी कुछ ही देर में खाली हो जाता है.
छह माह पहले लगा था आरओ
थाना परिसर में करीब छह माह पहले नगर परिषद की ओर से समर्सिबल के साथ आरओ लगाया गया था. शुरुआती दिनों में लोगों को शुद्ध पेयजल मिल रहा था, लेकिन गर्मी शुरू होते ही आरओ ने काम करना बंद कर दिया.
थाना कर्मियों ने बताया कि चार-पांच दिन पहले शिकायत के बाद मिस्त्री आकर मशीन को ठीक कर गया था, लेकिन केवल दो दिन चलने के बाद फिर से पानी आना बंद हो गया.
शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा समाधान
थाना कर्मियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है.
इस भीषण गर्मी में थाना आने वाले लोगों को पानी के लिए परेशान होते देख स्थानीय लोग भी नाराजगी जता रहे हैं. लोगों ने नगर परिषद और प्रशासन से जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










