मुजफ्फरपुर : महिला डॉक्टर का डीपफेक वीडियो बना पति को भेजा, कॉलेज फ्रेंड पर केस दर्ज

मुजफ्फरपुर में एक महिला डॉक्टर को उसके एमबीबीएस सहपाठी द्वारा AI और डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर ब्लैकमेल करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक बनाकर पति को भेजीं और कार्यस्थल पर भी छवि खराब करने की कोशिश की.
Doctor Blackmail Case: मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में रहने वाली महिला डॉक्टर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक के जरिए ब्लैकमेल करने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों और वीडियो को एडिट करके उसके पति और रिश्तेदारों को भेजा है. पीड़िता ने इस मामले में पटना के कंकड़बाग इलाके के एक डॉक्टर के खिलाफ साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जो एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई के दौरान उनका सहपाठी था.
एमबीबीएस के दौरान की थी पढ़ाई, शादी तय होते ही शुरू हुआ विवाद
साइबर थाने को दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि वह और आरोपी दोनों एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान एक ही कॉलेज में थे. जब महिला डॉक्टर की शादी तय हुई, तो आरोपी ने उसमें तरह-तरह से बाधा पहुंचाना शुरू कर दिया. उसने महिला और उसके परिवार को खुलेआम धमकी दी थी कि वह इस शादी को नहीं होने देगा और यदि शादी हो भी गई, तो उसे चलने नहीं देगा. उस वक्त दोनों परिवारों के हस्तक्षेप और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में एक बैठक बुलाई गई थी, जिसमें आरोपी और उसके पिता ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी थी और भविष्य में ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया था. इसके बाद 21 जून 2026 को महिला डॉक्टर की शादी संपन्न हुई.
शादी के बाद एआई से बनाईं आपत्तिजनक तस्वीरें, पति को दी धमकी
महिला का आरोप है कि शादी संपन्न होने के बाद आरोपी डॉक्टर एक बार फिर अपनी पुरानी हरकतों पर उतर आया है. वह लगातार महिला के पति को फोन करके उसके बारे में भ्रामक, अपमानजनक और झूठी बातें कह रहा है. इतना ही नहीं, आरोपी ने आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग करते हुए महिला की तस्वीरों को एआई के जरिए आपत्तिजनक रूप में बदला (डीपफेक) और उन तस्वीरों को महिला के पति के पास भेजने के साथ-साथ इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित कर रहा है.
कार्यस्थल पर छवि खराब करने का प्रयास, डरा हुआ है परिवार
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस घिनौनी हरकत के कारण वह और उनके पति गहरे मानसिक तनाव में हैं. आरोपी न सिर्फ उनके निजी जीवन में दखल दे रहा है, बल्कि समय-समय पर उनके कार्यस्थल (अस्पताल/क्लीनिक) पर भी गलत मैसेज भेजकर उनकी पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है. इस कारण पीड़ित परिवार खुद को बेहद असुरक्षित महसूस कर रहा है. पीड़िता ने पुलिस को साक्ष्य के तौर पर आरोपी द्वारा भेजे गए संदेशों और तस्वीरों के स्क्रीनशॉट सौंपे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










