मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा, बस के अचानक ब्रेक लगाने से गड्ढे में पलटा माल लदा ट्रक

दुर्घटनाग्रस्त ट्रक | Prabhat Khabar Network
मुजफ्फरपुर में दरभंगा फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. ओवरटेक कर रही तेज रफ्तार बस ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर NH से 10 फीट नीचे गड्ढे में पलट गया. गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ से गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली.
Muzaffarpur highway accident: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भीखनपुर स्थित दरभंगा फोरलेन पर शुक्रवार को ओवरटेक के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार बस के अचानक ब्रेक लगाने से माल लदा ट्रक अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से करीब 10 फीट नीचे गड्ढे में पलट गया. इस हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली.
ओवरटेक कर बस ने लगाई इमरजेंसी ब्रेक
ट्रक चालक मोहम्मद नईम ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के रामपुर से माल लोड कर आ रहा था. भीखनपुर के समीप मेडिकल ओवरब्रिज से आगे बढ़ने के दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने लापरवाही से ट्रक को ओवरटेक किया. ओवरटेक करने के तुरंत बाद ही बस चालक ने ट्रक के ठीक सामने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया.
ऑटो सवारों की जान बचाने में हुआ हादसा
चालक के अनुसार, सामने अचानक बस आ जाने के कारण उसने ट्रक को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इसी बीच ट्रक के दाहिनी ओर एक ऑटो आ गया. ऑटो में सवार लोगों की जान बचाने के लिए उसने तुरंत ट्रक को बाईं ओर मोड़ दिया. गाड़ी की रफ्तार तेज होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और फोरलेन से करीब 10 फीट नीचे गड्ढे में जा पलटा.
क्रेन की मदद से निकाला गया ट्रक, बस चालक फरार
हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर अहियापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की. पुलिस ने क्रेन को बुलाकर गड्ढे में पलटे ट्रक को बाहर निकलवाया. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद आरोपी बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: नकली सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपी लाखों की विदेशी शराब जब्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










