सावधान: मुजफ्फरपुर में घूम रहे ''खाकी'' वाले ठग, बुजुर्ग महिला को झांसा देकर उड़ा लीं सोने की चूड़ियां

बुजुर्ग महिला को झांसा देकर उड़ा लीं सोने की चूड़ियां (AI IMAGE)
मुजफ्फरपुर के सरैयागंज इलाके में खाकी का रौब दिखाकर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाया. खुद को पुलिसकर्मी बताकर ठगों ने महिला के हाथों से सोने की चूड़ियां उतरवा लीं और तांबे की चूड़ियां देकर फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Fake Police rob woman: मुजफ्फरपुर शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक सरैयागंज स्थित धोबिया गली गजाधर लेन में शुक्रवार सुबह शातिर अपराधियों ने खाकी का रौब दिखाकर एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया. ठगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बुजुर्ग महिला को डराया-धमकाया और झांसा देकर उनके दोनों हाथों की सोने की चूड़ियां उतरवा लीं. इसके बाद वे कागज के पैकेट में तांबे की चूड़ियां लपेटकर मौके से फरार हो गए. इस संबंध में पीड़िता बबीता देवी ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है.
नकली आईडी कार्ड दिखाकर कहा- 'गहने पहनने पर रोक है'
पीड़िता बबीता देवी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे जब वह अपने घर की तरफ लौट रही थीं, तभी गली में पुलिस की वर्दी पहने एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया. उसने रौब जमाते हुए कहा कि पुलिस विभाग की तरफ से सख्त आदेश आया है कि कोई भी महिला सोने के गहने पहनकर बाहर नहीं निकलेगी. महिला को शक न हो, इसलिए ठग ने अपनी जेब से एक आईडी कार्ड भी निकालकर दिखाया. हालांकि, बुजुर्ग होने के कारण बबीता देवी उस कार्ड को ठीक से पढ़ नहीं सकीं और उसकी बातों में आ गईं.
विश्वास जीतने के लिए सड़क पर रचा 'मूर्ख बनाने का नाटक'
पीड़िता के मुताबिक, वर्दी वाले शख्स के साथ एक अन्य युवक साधारण कपड़ों में खड़ा था. इसी बीच ठगों ने वहां से गुजर रहे एक अन्य व्यक्ति को भी रोका. उस व्यक्ति ने पुलिसिया आदेश की बात सुनते ही तुरंत अपनी सोने की चेन उतारकर उन्हें सौंप दी. दरअसल, वह व्यक्ति भी ठगों का ही साथी था और बुजुर्ग महिला का भरोसा जीतने के लिए यह पूरा नाटक रचा गया था. इस ड्रामे को देखकर बबीता देवी को उन पर पूरा भरोसा हो गया. उन्होंने भी बिना देर किए अपने दोनों हाथों की सोने की चूड़ियां उतारीं और उनके हवाले कर दीं.
कागज का पैकेट खोलते ही महिला के उड़ गए होश
चूड़ियां हाथ में आते ही ठगों ने उन्हें एक कागज में लपेटा और पैकेट बनाकर बबीता देवी को सौंप दिया. इसके बाद वे तुरंत वहां से रफूचक्कर हो गए. ठगों के जाने के बाद जब बुजुर्ग महिला थोड़ी दूर आगे बढ़ीं और शक होने पर कागज के पैकेट को खोला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. पैकेट के अंदर सोने की जगह तांबे की चूड़ियां रखी हुई थीं. महिला को तत्काल समझ आ गया कि वह एक सुनियोजित ठगी का शिकार हो चुकी हैं और उनका कीमती जेवर जा चुका है.
अपराधियों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इधर, नगर थाना पुलिस इस घटना के बाद अलर्ट मोड पर है. नगर थानेदार जय प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. घटना को अंजाम देने वाले शातिर अपराधियों की पहचान के लिए इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही ठगों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे ऐसे बहकावे में न आएं और किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने आभूषण न उतारें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










