Muzaffarpur News: यजुआर पश्चिमी स्कूल में राकेश कुमार बने प्रभारी, 48 घंटे में प्रभार नहीं सौंपने पर कार्रवाई
सांकेतिक तस्वीर
मुजफ्फरपुर के यजुआर पश्चिमी विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक को लेकर विवाद सुलझ गया है. शिक्षा विभाग ने शिक्षक राकेश कुमार को नया प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें 48 घंटे के भीतर कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
Muzaffarpur Education News: कटरा प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय यजुआर पश्चिमी में प्रभारी प्रधानाध्यापक के प्रभार को लेकर चल रहे विवाद पर शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) ने विद्यालय अध्यापक (वर्ग 11-12) राकेश कुमार को प्रभारी प्रधानाध्यापक का कार्यभार संभालने के लिए अधिकृत किया है. विभाग ने शिक्षकों की पदस्थापना विवरणी और कार्यालय प्रकोष्ठ में हुई सुनवाई के बाद यह निर्णय लिया है.
आपके शहर में
राकेश कुमार को सौंपी गयी जिम्मेदारी
विभागीय आदेश के अनुसार, पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रियतम कुमार का प्रशासनिक कारणों से उच्च माध्यमिक विद्यालय यजुआर पूर्वी में प्रतिनियोजन किया गया था. इसके बाद विद्यालय के प्रभार को लेकर स्थिति बनी हुई थी. समीक्षा के बाद राकेश कुमार को उच्च माध्यमिक विद्यालय यजुआर पश्चिमी का नया प्रभारी प्रधानाध्यापक अधिकृत किया गया है.
48 घंटे में प्रभार सौंपने का आदेश
आदेश में शिक्षक सूरज सहनी को निर्देश दिया गया है कि पत्र प्राप्ति के 48 घंटे के भीतर विद्यालय का संपूर्ण शैक्षणिक और वित्तीय प्रभार राकेश कुमार को सौंपना सुनिश्चित करें. विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में आदेश का पालन नहीं करने पर वेतन स्थगित करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी.
प्राथमिक शिक्षक के प्रभारी रहने पर सवाल
विभागीय आदेश में कहा गया है कि प्रियतम कुमार से पहले उच्च विद्यालय का प्रभार उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगवासा के शिक्षक सूरज सहनी के पास था. आरोप है कि उन्होंने विद्यालय का संपूर्ण प्रभार अद्यतन रूप से प्रियतम कुमार को नहीं सौंपा. प्रियतम कुमार के प्रतिनियोजन के बाद सूरज सहनी पुनः प्रभारी बने हुए थे. विभाग ने उच्च विद्यालय में वरीय शिक्षकों की मौजूदगी के बावजूद प्राथमिक संवर्ग के शिक्षक के प्रभारी बने रहने को विभागीय नियमों के प्रतिकूल बताया है.
पूर्व प्रभारी को भी अभिलेख देने का निर्देश
शिक्षा विभाग ने पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रियतम कुमार को भी अपने कार्यकाल से संबंधित सभी अभिलेख और दस्तावेज राकेश कुमार को सौंपने का निर्देश दिया है. विभाग के आदेश के बाद विद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए