प्रेमिका ने शादी के झांसे में जयप्रकाश की गोवा से बुलाकर करा दी हत्या

Updated at : 22 Aug 2024 1:35 AM (IST)
विज्ञापन
प्रेमिका ने शादी के झांसे में जयप्रकाश की गोवा से बुलाकर करा दी हत्या

प्रेमिका के भाई व पिता ने चाकू से रेता था जयप्रकाश का गला

विज्ञापन

-सदर पुलिस ने हत्याकांड में शामिल प्रेमिका के ममेरे भाई को दबोचा -बोरा में कसकर साइकिल पर लादकर फेंका था शव, फुटेज सीसीटीवी में कैद मुजफ्फरपुर. प्रेमिका से शादी का ऑफर मिलने के बाद जयप्रकाश गोवा से मुजफ्फरपुर आया था. यहां प्रेमिका से जब मुलाकात हुई तो जयप्रकाश के साथ उसने एक होटल में जाकर नाश्ता किया. फिर, सहजानंद कॉलोनी स्थित अपने ममेरे भाई के कमरे में ले जाकर उसकी हत्या करा दी. सदर थाने की पुलिस ने मैनुअल व टेक्निकल इनपुट के आधार पर जयप्रकाश हत्याकांड का खुलासा किया है. हत्याकांड में शामिल प्रेमिका के ममेरे भाई देवरिया थाना क्षेत्र के बुरहानपुर निवासी रविंद्र महतो को गिरफ्तार किया है. उसने पुलिस की पूछताछ में पूरे कांड को बताया. कहा-ममेरी बहन घटना वाली रात जयप्रकाश को लेकर उसके कमरे में पहुंची थी. वह सहजानंद कॉलोनी स्थित एक लॉज में रहता है. वहां कमरे में जयप्रकाश के पहुंचने के बाद उसकी ममेरी बहन ने कॉल कर पिता व भाई को बुला लिया. लड़की के भाई ने चाकू से पहले गला रेता, फिर पेट से आंतें बाहर निकाल दीं. इसके बावजूद शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से लगातार वार कर गोद डाला. जयप्रकाश की मौत के बाद कमरे में ही सभी ने मिलकर लाश को बोरे में पैक किया. इसके बाद साइकिल पर शव रखकर घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर उसे फेंक दिया. जयप्रकाश व उसकी प्रेमिका आपस में रिश्तेदार भी थे. – आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने पर रची साजिश जयप्रकाश व साहेबगंज की रहनेवाली उसकी प्रेमिका के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध थे. इसी बीच प्रेमिका बीपीएससी की तैयारी करने पटना चली गयी. कुछ महीनों के बाद दोनों के रिश्ते में दरार आ गयी. प्रेमिका ने जयप्रकाश से शादी करने से मना कर दिया. दोनों के बीच बात कम होने लगी. जयप्रकाश उसे मनाने की कोशिश करता रहा, पर वह नहीं मानी. इसी बीच जयप्रकाश के बड़े भाई ने उसकी नौकरी गोवा में बतौर इलेक्ट्रिशियन लगवा दी. वह काम करने चला भी गया. इधर, बातचीत बंद होने से जयप्रकाश नाराज था. उसने प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए थे. उसने लड़की के परिजनों व रिश्तेदारों को मोबाइल पर इसे भेज भी दिया. जब घरवालों ने उसे धमकाया तो वह गोवा भाग गया. लड़की ने बदला लेने के लिए जयप्रकाश की हत्या की साजिश रच दी. जयप्रकाश ने जताई थी हत्या की आशंका जयप्रकाश से शादी करने के लिए उसकी प्रेमिका लगातार कॉल कर रही थी. लेकिन, वह गोवा से नहीं आ रहा था. लड़की उसको फोन पर कहती थी कि जल्द से जल्द शादी कर लेंगे. उसे विश्वास दिलाया कि मुजफ्फरपुर पहुंचते ही वह उससे शादी कर लेगी. जयप्रकाश को डर था कि उसकी हत्या कर दी जायेगी. एक बार उसने अपनी प्रेमिका से कहा था कि कहीं बुलाकर उसकी हत्या तो नहीं कर दोगी. लेकिन, प्यार में पागल हो चुका जयप्रकाश आखिरकार लड़की के बहकावे में शहर आ ही गया. उसके परिजनों ने जयप्रकाश का एक ऑडियो भी पुलिस को सौंपा है, जिसमें उसने हत्या की आशंका जाहिर की है. साइकिल से शव ले जाने का सीसीटीवी फुटेज आया घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक मकान में सीसीटीवी लगी थी. पुलिस ने उसकी जांच की. इसमें साइकिल पर शव ले जाते लड़की के घरवालों को देखा गया. घटनास्थल साफ होने के बाद टावर डंप किया गया. इसमें लड़की समेत पांच लोगों के कमरे में होने का साक्ष्य मिला था. इसके बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान पताही से लड़की का ममेरा भाई रविंद्र पकड़ा गया. वहीं, प्रेमिका अपने पिता व भाई के साथ अंडरग्राउंड हो चुकी है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी कर रही है. प्रेमिका ने ही जयप्रकाश की हत्या की साजिश रची थी. हत्याकांड में शामिल लड़की के ममेरे भाई की गिरफ्तारी की गयी है. पूछताछ के बाद जेल भेजा गया है. हत्याकांड में लड़की के साथ उसके पिता व भाई की संलिप्तता सामने आयी है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. – अवधेश सरोज दीक्षित, सिटी एसपी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन