पूर्व मेयर हत्याकांड में श्यामनंदन गिरफ्तार

Published at :17 Oct 2018 7:14 AM (IST)
विज्ञापन
पूर्व मेयर हत्याकांड में श्यामनंदन गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर :पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में प्रॉपर्टी डीलर श्यामनंदन मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हत्या के बाद से ही श्यामनंदन पुलिस के निशाने पर था. इधर एक करोड़ के गबन मामले में गिरफ्तार पूर्व मेयर के व्यावसायिक पार्टनर सुशील छापड़िया के स्वीकारोक्ति बयान के बाद पुलिस श्यामनंदन की गिरफ्तारी के लिए […]

विज्ञापन
मुजफ्फरपुर :पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में प्रॉपर्टी डीलर श्यामनंदन मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हत्या के बाद से ही श्यामनंदन पुलिस के निशाने पर था. इधर एक करोड़ के गबन मामले में गिरफ्तार पूर्व मेयर के व्यावसायिक पार्टनर सुशील छापड़िया के स्वीकारोक्ति बयान के बाद पुलिस श्यामनंदन की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गयी थी. अपने बयान में छापड़िया ने उसे हत्याकांड का मुख्य सूत्रधार बताया था. पुलिस कोर्ट में श्यामनंदन मिश्रा, शूटर गोविंद और सुजीत के वारंट के लिए आवेदन भी दे चुकी है.
घर पहुंचते ही सक्रिय हो गयी पुलिस
पिछले 23 सितंबर को चंदवारा नवाब रोड में पूर्व मेयर समीर कुमार को अपराधियों ने एके-47 से भून दिया था. इस घटना में पूर्व मेयर के साथ उनके चालक रोहित की भी मृत्यु हो गयी थी. जांच के क्रम में श्यामनंदन का नाम आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. लेकिन, घटना के बाद ही वह यहां से फरार हो गया था.
पुलिस को उसके दिल्ली में एक रिश्तेदार के यहां छिपे होने की जानकारी मिली थी. सोमवार की देर शाम पुलिस को उसके सकरा के सबहा स्थित अपने गांव पहुंचने की सूचना मिली. मंगलवार की सुबह छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. सोमवार की देर शाम विमान से वह पटना पहुंचा. एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए उसे देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी. इसके बाद से पुलिस उसके निगरानी में लग गयी थी.
हत्याकांड के कई राज खुलने की संभावना
श्यामनंदन मिश्रा से पूछताछ में पूर्व मेयर हत्याकांड से जुड़े कई राज खुल सकते हैं. गिरफ्तारी के बाद से पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. कल्याणी मार्केट जमीन विवाद को लेकर श्यामनंदन और पूर्व मेयर के बीच टकराव हुआ था. पिछले 22 फरवरी को उसके साथ मारपीट की गयी थी. उसी दिन शाम को मुशहरी पुलिस उसे उत्पाद अधिनियम और आर्म्स एक्ट में जेल भेजा था. जेल से निकलने के बाद ही वह पूर्व मेयर की हत्या की साजिश रचने लगा था .
  • सकरा थाना क्षेत्र के सबहा गांव से हुई गिरफ्तारी
  • पूछताछ जारी ,हत्याकांड से जुड़े कई राज के खुलासे की संभावना
  • कल्याणी मार्केट की जमीन को लेकर पूर्व मेयर से हुई थी तकरार
  • पूर्व मेयर के पार्टनर सुशील छापड़िया के खुलासे के बाद हुई गिरफ्तारी
सुशील छापड़िया के बयान में यह है आरोप
पुलिस के हत्थे चढ़े श्यामनंदन मिश्र के बारे में जमीन कारोबारी सुशील छापड़िया ने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि वह नहीं चाहता था कि कल्याणी वाला जमीन समीर जी लें. वह कटरा धनौर के शंभु जी से मिला था. उसके बाद वह गोविंद, सुजीत, राजू तुरहा के साथ मुझसे संपर्क किया था. उसने कहा कि आप अपना पैसा निकालना चाहते हैं तो समीर जी का साथ छोड़ दीजिए, नहीं तो आप लोग समझिए कि आपलोगों का क्या होगा. फिर शंभु जी के संरक्षण में श्यामनंदन, गोविंद, राजू तुरहा के साथ दो-तीन बार बैठक हुई. बैठक के अनुसार गाेविंद व सुजीत ने घटना को अंजाम दिया.
नौ कट्ठा जमीन-श्यामनंदन से तकरार की वजह
छोटी कल्याणी चौक पर चंद्रलेखा सिंह की नौ कट्ठा से अधिक जमीन है. इसमें आशुतोष शाही व श्यामनंदन पार्टनर बने. श्यामनंदन के कहने पर जमीन मालकिन को एकाउंट व नकद दो करोड़ रुपया दिया गया. संदेह होने पर आशुतोष शाही जमीन मालकिन से मिलने दिल्ली चले गये. वहां पता चला कि उन्हें मात्र 1.65 करोड़ ही मिला है, जो एकाउंट के माध्यम से मिला था. इसकी जानकारी समीर जी को हुई तो श्यामनंदन से पूछताछ की गयी. दोनों के बीच मनमुटाव हो गया.
इससे कल्याणी वाली जमीन का सौदा रद्द हो गया. इसके कारण विजेंद्र कुमार, समीर कुमार व अन्य ने उसके साथ मारपीट की. उसी दिन श्यामनंदन को मुशहरी पुलिस ने आर्म्स एक्ट में जेल भेज दिया. जेल से निकले के बाद वह समीर जी व आशुतोष शाही से बदला लेने के लिए अपराधी गिरोह से संपर्क करने लगा था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन