Muzaffarpur : मैठी टोल प्लाजा पर वाहन चालकों व टोल कर्मियों में मारपीट

Published by :ABHAY KUMAR
Published at :27 Apr 2026 8:14 PM (IST)
विज्ञापन
Muzaffarpur : मैठी टोल प्लाजा पर वाहन चालकों व टोल कर्मियों में मारपीट

Muzaffarpur : मैठी टोल प्लाजा पर वाहन चालकों व टोल कर्मियों में मारपीट

विज्ञापन

प्रतिनिधि, गायघाट थाना क्षेत्र के बेरुआ कट स्थित मैठी टोल प्लाजा पर सोमवार की दोपहर उस समय अफरातफरी मच गयी, जब वाहन चालकों और टोल कर्मियों के बीच विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया. बीच-बचाव करने पहुंचे टोल महाप्रबंधक अनूप सिंह को भी चोट आयी. जानकारी हो कि टोल प्लाजा से करीब तीन किलोमीटर पूर्व बेरुआ कट से एक पीडब्ल्यूडी सड़क निकलती है, जो आगे एनएच को पार करते हुए पुरानी सड़क से जुड़ कर मुजफ्फरपुर तक जाती है. इस मार्ग से प्रखंड के दर्जनों गांवों के लोग आवाजाही करते हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि टोल प्रबंधन द्वारा इस सड़क पर जबरन बैरिकेडिंग कर आवागमन बाधित किया जा रहा है और निजी वाहनों के लिए भी मासिक पास बनवाने का दबाव बनाया जाता है. इसी को लेकर अक्सर टोल कर्मियों और ग्रामीणों के बीच विवाद होता रहता है. टोल महाप्रबंधक अनूप सिंह ने बताया कि बाहरी जिलों के कई वाहन चालक खुद को स्थानीय बताकर बिना टोल दिये निकल जाते हैं. इसे रोकने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में एक वाहन मैठी चौक से स्थानीय होने का दावा करते हुए निकल गया, लेकिन बेरुआ कट के समीप टोल कर्मियों ने उसे रोक लिया. इस पर वाहन में सवार तीन-चार लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और कर्मियों के साथ मारपीट करने लगे. स्थिति बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप किया, लेकिन तब तक आरोपी बैरियर हटाकर वाहन सहित दरभंगा की ओर फरार हो गये. टोल प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि स्थानीय वाहन मालिकों के लिए मासिक पास अनिवार्य है, जबकि बाहरी वाहनों को टोल प्लाजा से होकर ही गुजरना होगा. अवैध बैरिकेडिंग को लेकर हो चुका है आंदोलन जानकारी हो कि पूर्व में इस पीडब्ल्यूडी सड़क पर अवैध बैरिकेडिंग को लेकर आंदोलन भी हो चुका है, जिसके बाद पुरानी कंपनी ने बेरुआ और मैठी कट से बैरिकेडिंग हटा ली थी. हालांकि नयी कंपनी के आने के बाद पुनः बैरिकेडिंग लगाये जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और आये दिन विवाद की स्थिति बन रही है.

विज्ञापन
ABHAY KUMAR

लेखक के बारे में

By ABHAY KUMAR

ABHAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन