गैस संकट : एजेंसी कार्यालय पर प्रतिदिन हो रहा हंगामा, खतरे में वेंडर व डिलीवरी ब्वॉयज की जान

Updated at : 20 Mar 2026 6:11 PM (IST)
विज्ञापन
गैस संकट : एजेंसी कार्यालय पर प्रतिदिन हो रहा हंगामा, खतरे में वेंडर व डिलीवरी ब्वॉयज की जान

रसोई गैस को लेकर उत्पन्न संकट के कारण उपभोक्ताओं के बीच गैस सिलिंडर प्राप्त करने की होड़ लगी हुई, जो अब विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने लगी है.

विज्ञापन

मुंगेर. रसोई गैस को लेकर उत्पन्न संकट के कारण उपभोक्ताओं के बीच गैस सिलिंडर प्राप्त करने की होड़ लगी है, जो अब विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने लगी है. प्रतिदिन जहां गैस एजेंसी कार्यालय पर मारा-मारी की स्थिति उत्पन्न हो रही है. वहीं सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले वेंडर व डिलीवरी ब्वॉयज के साथ गाली-गलौज व मारपीट की घटना घट रही है.

गैस एजेंसी पर जमकर हुआ हंगामा, पुलिस ने कराया शांत

शुक्रवार को शहर के बेकापुर निखिल गैस एजेंसी कार्यालय के पास बुकिंग और केवाइसी कराने उपभोक्ताओं की भीड़ लगी थी. तभी एक युवा उपभोक्ता अंदर में काम कर रहे कर्मियों को गाली-गलौज करने लगा. जब मना किया तो युवक साथ में लाये गैस सिलिंडर से ग्रिल को तोड़ने लगा. इस कारण वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया, जबकि उक्त युवक के खिलाफ अन्य उपभोक्ता में आक्रोश पनपते देख एजेंसी कर्मी ने उक्त युवक को पकड़ कर कार्यालय के अंदर कर लिया. सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने हंगामा को शांत कराया और कतारबद्ध किया, जबकि युवक को हिरासत में लेकर थाना ले आयी. बाद में पुलिस ने बांड भरवा कर उसे छोड़ा.

डर से काम छोड़ रहे डिलीवरी ब्वॉयज

सिलिंडर की भारी किल्लत के कारण डिलीवरी ब्वॉयज के साथ मारपीट या सिलिंडर छिन जाने का डर बढ़ गया है, इससे वे डर के साये में काम कर रहे हैं. शुक्रवार को निखिल गैस एजेंसी का होम डिलीवरी देने जब ठेला लेकर वेंडर निकला तो उसे कोणार्क मोड़ के समीप तीन युवकों ने रोक लिया और चार सिलिंडर का डिमांड किया. तीनों उसके ठेला पर बैठ गया और लोहे की चेन को खोलने के लिए चाबी मांगी, नहीं देने पर गाली-गलौज करने लगा, तभी उस क्षेत्र में होम डिलीवरी में लगे अन्य तीन ठेला वाला वहां पहुंचे और एजेंसी मालिक को फोन किया. डॉयल 112 पर जब फोन कर पुलिस बुलाने की धमकी दी तो सभी भाग गये. गुलजार पोखर में भी परिवार एचपी के वेंडर के साथ गाली-गलौज असामाजिक तत्वों ने की, जबकि दो दिन पूर्व शहर के काली तजिया दिलावरपुर के पास परिवार एचपी के वेंडर के साथ मारपीट व गैस सिलिंडर लूटने का प्रयास किया गया था. डॉयल 112 की टीम ने पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया. होम डिलीवरी के दौरान उत्पन्न हो रही समस्या के कारण वेंडर व डिलीवरी ब्वॉयज काम छोड़ रहे है.

कम आपूर्ति और बैकलॉग बन रही परेशानी

गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के सरकारी निर्देशों ने वेंडरों (डिलीवरी कर्मियों) के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है, क्योंकि सिलिंडरों की भारी किल्लत (बैकलॉग) के कारण वे समय पर आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं. इतना ही नहीं प्लांट से भी गैस की आपूर्ति सही ढंग से नहीं हो पा रही है, जबकि प्लांट से रविवार को गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं होती है, इस कारण बैकलॉग की समस्या बढ़ती जा रही है. इतना ही नहीं ऑनलाइन बुकिंग, केवाइसी कराने वाले उपभोक्ताओं की भीड़, पैनिक होकर गैस सिलिंडर स्टोर करने के कारण भी समस्या उत्पन्न हो रही है.

कहते हैं गैस एजेंसी संचालके

शुक्रवार को एजेंसी कार्यालय में एक उपभोक्ता पहुंचे और कर्मियों को गाली-गलौज करते हुए गैस सिलिंडर गेट पर पटकने लगे, जिससे कई उपभोक्ता भी चोटिल हो गये. भीड़ को आक्रोशित देख उसे अंदर कर पुलिस को सूचना दी, जिसे बाद में पुलिस अपने साथ ले गयी.

निखिल कुमार, निखिल गैस एजेंसी के संचालक

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन