चारदीवारी के अभाव में टेटिया बंबर थाना परिसर असुरक्षित, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 13 May 2026 10:49 AM

विज्ञापन

चारदीवारी के अभाव में टेटिया बंबर थाना परिसर

मुंगेर के टेटिया बंबर थाना का नया भवन चारदीवारी के अभाव में असुरक्षित बना हुआ है, जिसके कारण पुलिसकर्मी पुराने भवन से ही काम करने को मजबूर हैं. थानाध्यक्ष ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए बाउंड्री वॉल का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है.

विज्ञापन

मुंगेर से राणा गौरी शंकर की रिपोर्ट : जिले के टेटिया बंबर थाना परिसर में चारदीवारी का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है. हालांकि थाना का नया और आधुनिक भवन बनकर तैयार है और संबंधित विभाग को सौंपा जा चुका है, लेकिन बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण पुलिसकर्मी नए भवन में शिफ्ट होने से कतरा रहे हैं.

खुला पड़ा है थाना परिसर, सुरक्षा की चिंता

जानकारी के अनुसार, थाना परिसर के पिछले हिस्से में तो चारदीवारी बना दी गई है, लेकिन मुख्य प्रवेश द्वार और सामने का बड़ा हिस्सा अब भी पूरी तरह खुला हुआ है. इस कारण रात के समय परिसर में अनधिकृत लोगों की आवाजाही की आशंका बनी रहती है. पुलिसकर्मियों का कहना है कि बाउंड्री नहीं होने से परिसर में खड़े सरकारी वाहनों, जब्त किए गए सामानों और अन्य महत्वपूर्ण संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती बन गया है. ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को हर वक्त अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ती है.

उद्घाटन के बाद भी अधूरा है काम

गौरतलब है कि 23 फरवरी 2024 को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान यहां 30 सिपाहियों की क्षमता वाले आधुनिक बैरक का उद्घाटन किया गया था. नए भवन और बेहतर सुविधाओं से पुलिस महकमे में खुशी तो थी, लेकिन चारदीवारी के बिना यह पूरा ढांचा असुरक्षित नजर आ रहा है. सुरक्षा कारणों से ही करोड़ों की लागत से बना यह नया परिसर अब तक पूर्ण रूप से कार्यात्मक नहीं हो सका है.

बाउंड्री बनने के बाद ही नए भवन में होगा प्रवेश: थानाध्यक्ष

इस संबंध में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि सुरक्षा कारणों से फिलहाल पुराने भवन से ही थाना का कामकाज संचालित किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक चारदीवारी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक नए भवन में पूरी तरह शिफ्ट होना संभव नहीं है. थानाध्यक्ष के अनुसार, खुले परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर नियंत्रण रखना कठिन होता है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है. स्थानीय लोगों और पुलिस विभाग को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द ही इस ओर ध्यान देगा ताकि थाना परिसर सुरक्षित हो सके.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन