नगर निगम की सियासत गरम, सशक्त स्थायी समिति चुनाव आज
Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 28 May 2026 7:55 PM
जिले के छह निकायों में होगा चुनाव, प्रशासनिक तैयारी पूरी
पेज 3 के लिए
———————–– सात सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर मेयर व उप-मेयर गुट आमने-सामने
– पार्षदों की गोलबंदी तेज, चरम पर है जोड़-तोड़ और रणनीति का दौरमुंगेर. नगर निगम मुंगेर की राजनीति शुक्रवार को होने वाले सशक्त स्थायी समिति के चुनाव को लेकर पूरी तरह गरमा गई है. सात सदस्यीय समिति के गठन को लेकर महापौर कुमकुम देवी और उपमहापौर खालिद हुसैन आमने-सामने हैं. दोनों गुटों ने अपने-अपने समर्थक पार्षदों को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है. जिससे यह चुनाव अब पूरी तरह प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुकी है.
दोनों गुटों का प्रत्याशी तय, रोमांचक होगा मुकाबला
बुधवार की रात दोनों गुटों के पार्षदों की बैठक हुई थी. जिसमें प्रत्याशियों का चयन किया गया. जानकार सूत्रों की माने तो बेलन बाजार स्थित एक वार्ड पार्षद के घर में बुधवार की शाम शुरू हुई पार्षदों की बैठक देर रात तक चली. जिसमें मेयर कुमकुम देवी भी शामिल थी. जिसमें सर्वसम्मति से सात सदस्यों के लिए सात पार्षदों का चयन किया गया. महापौर कुमकुम देवी गुट की ओर से जिन उम्मीदवारों को मैदान में उतरने की चर्चा है, उनमें वार्ड संख्या-26 के पार्षद सुजीत पोद्दार, वार्ड संख्या-8 के कृष्णचंद्र उर्फ बाबूल गुप्ता, वार्ड संख्या-3 के हीरो यादव, वार्ड संख्या-28 की अंजली देवी, वार्ड संख्या-25 की इशरत परवीन, वार्ड संख्या-33 की इसरत बेगम और वार्ड संख्या-31 की सरस्वती देवी शामिल हैं. खास बात यह है कि महापौर द्वारा पूर्व में मनोनीत किए गए सदस्यों को ही चुनावी मैदान में उतारा गया है, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि महापौर अपने पुराने भरोसेमंद चेहरों पर दांव खेल रही हैं. वहीं उपमहापौर खालिद हुसैन ने भी अपनी रणनीति के तहत मजबूत दावेदारों को मैदान में उतारने का फैसला किया है. दुसरे गुट से वार्ड संख्या-10 के पार्षद राजेश कुमार ठाकुर, वार्ड संख्या-34 के विकास आनंद, वार्ड संख्या-18 के प्रसुन्न कुमार, वार्ड संख्या-27 के अनिल सिंह, वार्ड संख्या-2 की मीणा देवी, वार्ड संख्या-23 की नासरीन बानो तथा वार्ड संख्या-29 के पार्षद पंकज कुमार चुनाव लड़ेंगे. यह चुनाव काफी रोमांचक होगा. क्योंकि इस चुनाव में न कई दिगज्जों की प्रतिष्ठा दांव पर है.
दोनों पक्षों ने झोंकी ताकत, पार्षदों की गोलबंदी तेज
नगर निगम की में सशक्त स्थायी समिति को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि निगम के विकास कार्यों, योजनाओं और वित्तीय निर्णयों में इस समिति की अहम भूमिका होती है. ऐसे में समिति पर कब्जा जमाने के लिए दोनों पक्षों ने पूरी ताकत झोंक दी है. चुनाव को लेकर पार्षदों की गोलबंदी तेज हो गई है और अंदरखाने लगातार बैठकों का दौर चल रहा है. सूत्रों की मानें तो दोनों पक्षों ने अपने-अपने समर्थक पार्षदों को साधने के लिए पूरी ताकत लगा दी है. चुनाव को लेकर शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है. पार्षदों के समर्थन को लेकर जोड़-तोड़, रणनीति और समीकरण बनाने का खेल अंतिम दौर में पहुंच चुका है. इस चुनाव के नतीजे नगर निगम की आगामी राजनीति की दिशा तय करेंगे. जिस गुट का समिति पर कब्जा होगा, उसकी पकड़ निगम प्रशासन और विकास योजनाओं पर मजबूत मानी जायेगी. यही वजह है कि दोनों पक्ष किसी भी कीमत पर जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं.
जिले के छह निकायों में होगा चुनाव, प्रशासनिक तैयारी पूरी
मुंगेर : जिले में कुछ छह नगर निकाय है. जहां 29 मई को मतदान से लेकर मतगणना तक संपन्न कराया जायेगा. जिसको लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. जानकारी के अनुसार जिले के छह नगर निकायों मुंगेर नगर निगम, जमालपुर नगर परिषद, हवेली खड़गपुर नगर परिषद, तारापुर नगर पंचायत, असरगंज नगर पंचायत तथा संग्रामपुर नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का 29 मई को नामांकन, चुनाव से लेकर शपथ ग्रहण तक की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. निर्वाचन गुप्त मतदान से कराया जाएगा. चुनाव प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू होकर परिणाम और शपथ ग्रहण तक बिना किसी विराम के चलेगी. नामांकन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक लिया जाएगा, जबकि मतदान सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा. जिला प्रशासन ने चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. नगर निगम मुंगेर के लिए अपर समाहर्ता मनोज कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. नगर निगम कार्यालय सभागार सहित सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










