अब एक ही छत के नीचे संचालित होंगे एसटीएफ, विशेष शाखा व सीआइडी के कार्यालय
Updated at : 18 Feb 2026 6:55 PM (IST)
विज्ञापन

पटना मुख्यालय पर पुलिस व जनता दोनों की निर्भरता होगी कम
विज्ञापन
मुफस्सिल थाना परिसर में कंबाइंड बिल्डिंग बन कर तैयार, डीआइजी ने पुलिस महानिदेशक को लिखा पत्र
मुंगेर. मुफस्सिल थाना परिसर में मुंगेर पुलिस रेंज का कंबाइंड बिल्डिंग (संयुक्त भवन) बन कर तैयार है. यहां अब एक ही छत के नीचे सीआइडी (सीआइडी), एसटीएफ ( एसटीएफ ), आर्थिक अपराध इकाई ( ईओयू ) व स्पेशल ब्रांच कार्यालय का संचालन होगा. इसका उद्देश्य पुलिस कामकाज को सुव्यवस्थित और तेज करना है, ताकि पटना मुख्यालय पर पुलिस व जनता दोनों की निर्भरता कम हो और उनके मानसिक, शारीरिक और आर्थिक नुकसान को कम किया जा सके. मुंगेर रेंज के डीआइजी ने भी इन विशेष शाखाओं के पुलिस महानिदेशक को इस भवन में कार्यालय संचालन को लेकर पत्र लिखा है.जी-4 का भवन बन कर तैयार, कार्यालय संचालन का इंतजार
सरकार ने पुलिस के कामकाज को सुव्यवस्थित व तेज करने के उद्देश्य से राज्य के सभी पुलिस रेंज में कंबाइंड बिल्डिंग बनाने का निर्णय लिया. इसके तहत मुंगेर पुलिस रेंज में भी 23 फरवरी 2024 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कंबाइंड बिल्डिंग निर्माण का शिलान्यास किया था. मुफस्सिल थाना में बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम की देख-रेख में भवन बन कर न सिर्फ तैयार हुआ, बल्कि जुलाई 2025 में हस्तांतरण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुका है. यह भवन विशेष शाखाओं के कार्यालय आने का इंतजार कर रहा है. यह भवन जी-4 है. इसके चार अलग-अलग तल सीआइडी, ईओयू, एसटीएफ और स्पेशल ब्रांच को आवंटन कर दिया गया है. इसी भवन में चारों विशेष शाखा का कार्यालय होगा और पदाधिकारी यहां से ही अपने-अपने कर्तव्य का पालन करेंगे.मुंगेर रेंज के डीआइजी ने कार्यालय संचालन को लेकर लिखा पत्र
विशेष शाखा के पुलिस महानिदेशक ने मुंगेर रेंज के डीआइजी राकेश कुमार को पत्र भेज कर संयुक्त भवन का भौतिक निरीक्षण करते हुए विशेष शाखाओं के जिला स्तरीय क्षेत्रीय कार्यालय के लिए एक तल चिह्नित व आरक्षित करते हुए संबंधित विवरण समेत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को लेकर निर्देशित किया था. डीआइजी ने क्षेत्रीय कार्यालयों की स्थापना के लिए मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना परिसर में संयुक्त भवन का निरीक्षण कर पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा कि भवन निर्माणोपरांत जुलाई 2025 में हस्तांतरण हो चुका है. नवनिर्मित संयुक्त भवन में आर्थिक अपराध इकाई, विशेष कार्य बल, अपराध अनुसंधान विभाग, विशेष शाखा के लिए कार्यालय भवन आवंटित है. आवंटित कार्यालय भवन में अब तक कार्यालय कार्य संचालन नहीं किया गया है. उन्होंने कहा है कि विशेष शाखा के जिला स्तरीय क्षेत्रीय कार्यालय कार्यरत करने के लिए निर्देशित किया जाये.छापेमारी व जांच में होगी सुविधा, नहीं जाना होगा पटना
मुंगेर. संयुक्त भवन में एक ही छत के नीचे सीआइडी, एसबी, एसटीएफ व ईओयू कार्यालय संचालित होगा. इससे क्षेत्रीय स्तर पर पुलिस को छापेमारी व जांच में आसानी होगी. सरकार की यह पहल आपसी समन्वय स्थापित कर आपराधिक मामलों की जांच में तेजी लाने की है, ताकि पटना (मुख्यालय) पर निर्भरता कम हो. विदित हो कि अब तक पुरानी व्यवस्था है कि पुलिस पदाधिकारियों और आम जनता को इस विभाग के पुलिस पदाधिकारियों से मिलने के लिए पटना जाना पड़ता है. इससे आर्थिक, मानसिक, शारीरिक परेशानी के साथ ही समय की बर्बादी होती है, लेकिन इन कार्यालयों के संचालन होने से पटना नहीं जाना पड़ेगा. सूत्रों की मानें तो वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से इस भवन में चारों कार्यालय संचालित होने लगेंगे.कहते हैं डीआइजी
मुंगेर रेंज के डीआइजी राकेश कुमार ने बताया कि संयुक्त भवन में सीआइडी, एसबी, एसटीएफ व ईओयू इकाई के क्षेत्रीय कार्यालय संचालित होंगे. इसमें संबंधित इकाई के वरीय पदाधिकारी बैठेंगे. इससे क्षेत्रीय स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों को आसानी और सुलभता से इन विशेष इकाइयों का सहयोग मिल सकेगा. बार-बार पटना आने की अनिवार्यता नहीं रहेगी. जांच इकाइयों को भी छापेमारी और जांच में सहूलियत होगी. भवन में कार्यालय शिफ्ट करने के लिए चारों विभागों को उन्होंने पत्र भेजा है. शीघ्र ही इस भवन में चारों कार्यालय संचालित होंगे.प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




