नर्मदेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा को निकली कलशयात्रा
Published by : ANAND KUMAR Updated At : 23 Apr 2026 7:38 PM
नर्मदेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा को निकली कलशयात्रा
संग्रामपुर
प्रखंड के दीदारगंज पंचायत अंतर्गत कहुआ गांव स्थित नवनिर्मित राम-जानकी ठाकुरबाड़ी में आयोजित श्रीमद भागवत कथा, लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीराम दरबार व नर्मदेश्वर महादेव की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर गुरुवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. इस पावन अवसर पर 251 कन्याओं ने विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. शोभायात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं ने सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान किया और विधिपूर्वक गंगाजल लाकर सुरक्षित रखा. गांव के बाहर स्थित बगीचे में महिलाओं के बीच कलश में गंगाजल वितरण किया गया और कलश शोभायात्रा निकाली गई. हाथी-घोड़ा एवं जय श्रीराम के जयघोष और भक्ति गीतों के बीच निकली शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए ठाकुरबाड़ी परिसर पहुंची. जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश स्थापना की गई. बताया गया कि नौ दिवसीय श्रीमद भागवत कथा 23 अप्रैल से 1 मई आयोजित होगी. कथा में वृंदावन से पधारे कथावाचक रामावतार शास्त्री प्रतिदिन संध्या में कथावाचन करेंगे. इस धार्मिक आयोजन में मुख्य यजमान अनिल शर्मा एवं रेनू शर्मा रहे. जबकि विपिन शर्मा, रामखेलावन शर्मा, अरविंद पहलवान, अवध किशोर शर्मा, पप्पू शर्मा, करण देव शर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने सराहनीय भूमिका निभाई. इस धार्मिक आयोजन से कहुआ गांव सहित आसपास का क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है.हरिनाम संकीर्तन व युवा अनुष्ठान को निकली कलशयात्रा
बरियारपुर, 72 प्रहर व्यापी हरिनाम संकीर्तन एवं युवा अनुष्ठान को लेकर गुरुवार को बरियारपुर स्थित हनुमान मंदिर मिर्जाचक से कलश शोभा यात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में 1001 महिलाओं ने माथे पर कलश लेकर बरियारपुर बाजार होते हुए गनगनिया दुर्गा मंदिर तक गई और वहां से वापस होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची. आयोजक इंजीनियर अविनाश कुमार ने बताया कि यह धार्मिक कार्यक्रम 23 से 26 अप्रैल तक होगा. जिसमें बंगाल एवं अन्य जिलों की महिला कलाकारों द्वारा संगीतमय भजन कीर्तन के बीच प्रवचन एवं झांकी की प्रस्तुति की जाएगी. संकीर्तन को आकर्षक बनाने के लिए खेलकूद एवं खेल तमाशा दिखाने वालों की व्यवस्था की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










