तारापुर में जीआइएस मैपिंग व प्रोपर्टी सर्वे का कार्य प्रारंभ, मिलेगी नई पहचान
Published by : RANA GAURI SHAN Updated At : 02 Feb 2026 6:52 PM
सर्वे भविष्य में मास्टर प्लान और स्मार्ट सिटी जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सहायक सिद्ध होगा.
तारापुर तारापुर नगर पंचायत क्षेत्र में शहर को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में जीआईएस मैपिंग और प्रॉपर्टी सर्वे का काम आरंभ कर दिया गया है. इससे शहर की हर संपत्ति का डिजिटल और पारदर्शी रिकॉर्ड तैयार किया जायेगा. यह सर्वे फिलहाल पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में वार्ड संख्या 01 से शुरू किया गया है. कार्यपालक पदाधिकारी सोनाली प्रिया ने बताया कि जीआईएस आधारित मैपिंग से नगर क्षेत्र की सभी संपत्तियों का एकीकृत और सटीक डिजिटल डाटाबेस तैयार होगा. इससे न केवल नगर नियोजन आसान होगा, बल्कि सड़क, नाला, जलापूर्ति, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट जैसे बुनियादी विकास कार्यों की योजना भी बेहतर ढंग से बनाई जा सकेगी. उन्होंने कहा कि यह सर्वे भविष्य में मास्टर प्लान और स्मार्ट सिटी जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सहायक सिद्ध होगा. उनके अनुसार सर्वे पूरा होने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र की प्रत्येक संपत्ति पर एक यूनिक कोड वाला नंबर प्लेट लगाया जाएगा, जो पूरी तरह निःशुल्क होगा. इसके लिए नागरिकों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा. यह यूनिक नंबर संपत्ति की पहचान को आसान बनाएगा और रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने में मदद करेगा. उन्होंने आगे बताया कि जीआईएस सर्वे से होल्डिंग टैक्स का सही और पारदर्शी निर्धारण संभव होगा, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी और नगर पंचायत के राजस्व में भी वृद्धि होगी. साथ ही आने वाले समय में नागरिकों को ऑनलाइन सेवाओं और शिकायत निवारण की सुविधा भी आसानी से मिल सकेगी. यह कार्य नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा अधिकृत एजेंसी भी.भी एन टेक्नोलॉजी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है. उन्होंने आमलोगों से अपील की कि इस सर्वे में सहयोग करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










