जमालपुर में पुलिस को खुली चुनौती, अपर थाना अध्यक्ष के घर में सेंधमारी
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 08 Jun 2026 11:56 AM
विज्ञापन
Munger News : मुंगेर जिले के आदर्श थाना जमालपुर में पदस्थापित अपर थाना अध्यक्ष टीपू सुल्तान के किराए के मकान में लाखों रुपये की चोरी की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अज्ञात चोरों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
विज्ञापन
मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Munger News : मुंगेर जिले के आदर्श थाना जमालपुर में तैनात अपर थाना अध्यक्ष टीपू सुल्तान के किराए के मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी ने इलाके में सनसनी फैला दी है. इस घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा है कि जब पुलिस अधिकारी का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है. चोरी की यह वारदात चोरों द्वारा पुलिस को खुली चुनौती देने के रूप में देखी जा रही है.केस के सिलसिले में बाहर थे अपर थाना अध्यक्ष
जानकारी के अनुसार अपर थाना अध्यक्ष टीपू सुल्तान छोटी दौलतपुर स्थित बी-मार्ट के पीछे एक किराए के मकान में रहते हैं. पिछले महीने वह एक मामले के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जिसके कारण मकान बंद पड़ा था. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया.पड़ोसियों ने दी ताला टूटने की सूचना
शनिवार को पड़ोसियों ने फोन कर टीपू सुल्तान को सूचना दी कि उनके मकान का मुख्य दरवाजा और कमरे का ताला टूटा हुआ है तथा मकान खुला पड़ा है. सूचना मिलने के बाद उन्होंने मकान मालिक चंद्रशेखर झा को मौके पर भेजा. जांच के दौरान चोरी की घटना की पुष्टि हुई. रविवार को स्वयं अपर थाना अध्यक्ष जमालपुर पहुंचे और कमरे की जांच की.सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की चोरी
जांच में पता चला कि चोरों ने अलमारी और गोदरेज का ताला तोड़कर सोने की एक जोड़ी अंगूठी, दो जोड़ी कान की बाली, एक मंगलसूत्र, चांदी की दो जोड़ी पायल, एक ब्रेसलेट और करीब 10 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली. घटना को लेकर उनके आवेदन पर जमालपुर थाना में कांड संख्या 87/26 दर्ज किया गया है.सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना अध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि चोरी की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है. जिस इलाके में चोरी हुई है, वहां कई मकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. पुलिस फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.गश्ती व्यवस्था और 112 सेवा पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय बुद्धिजीवियों और नागरिकों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था तथा 112 आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं. लोगों का कहना है कि थाना भवन से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित पुलिस अधिकारी के मकान में चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है.पुराने मामलों के खुलासे में देरी से बढ़ा चोरों का मनोबल
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि हाल के दिनों में हुई कई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है. इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और वे लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










