लापता बैंककर्मी ने पत्नी के मोबाइल पर इंस्ट्राग्राम से किया मैसेज, कहा कर्ज से हैं परेशान

कर्ज अधिक होने से परेशानी की बात लिखा है.
प्रभात फॉलोअप
48 घंटे बाद भी गठित पुलिस टीम नहीं लगा सकी पता, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल– एसपी ने कोतवाली थाना में लापता बैंककर्मी की पत्नी से की पूछताछ, सकुशल वापसी का दिलाया भरोसा
मुंगेरएसबीआई मुख्य ब्रांच में पदस्थापित सहायक प्रबंधक नवल किशोर कुमार का 48 घंटा बाद भी अब तक पता नहीं चल सका है. हलांकि गुरुवार की सुबह 10 बजे के करीब बैंककर्मी ने अपनी पत्नी के मोबाइल पर इंस्ट्राग्राम के माध्यम से एक मैसेज जरूर किया. जिसमें उसने कर्ज अधिक होने से परेशानी की बात लिखा है. इधर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने लापता बैंककर्मी की पत्नी को कोतवाली थाना बुलाकर पूछताछ किया और आश्वस्त किया कि उसकी सकुशल वापसी करायी जायेगी.
ऑन लाइन गेम के चक्कर में कर्ज में डूब गया नवल
लापता नवल को ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग चुकी थी. जिसके कारण वह भारी कर्ज में डूब गया है. इसका खुलासा उसकी पत्नी सानम कुमारी ने एसपी के समक्ष की. बताया जाता है कि वह ऑनलाइन गेम खेलता था. जिसके कारण उसने अपने दोस्त, रिश्तेदार सहित अन्य लोगों से सूद पर पैसा ले रखा था. कर्ज में डूब जाने के कारण वह तनाव में रहने लगा था. कर्जदारों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया.
लोन की राशि इधर-उधर करने से एक पुलिसकर्मी से हुआ था झगड़ा
मिली जानकारी के अनुसार सितंबर 2025 में उसने किसी पुलिसकर्मी को 20 लाख का लोन इशू कराया था. जिसकी राशि उससे इधर-उधर हो गयी थी. क्योंकि उसने उक्त राशि को पुलिसकर्मी के खाते पर नहीं भेज कर दूसरे किसी व्यक्ति के खाते पर भेज दिया था. जब उक्त व्यक्ति से संपर्क उसने किया तो उसने बैंककर्मी से कहा कि उसने राशि खर्च कर दिया. धीरे-धीरे वह राशि चुकता कर देगा. जिसके बाद वह तनाव में रहने लगा. परिजन, रिश्तेदारों और बैंककर्मी साथियों ने कुछ लाख रुपया इकट्ठा कर उसने उक्त पुलिसकर्मी को दिया भी था. लेकिन पुलिसकर्मी उसे बार-बार अपने लोन की राशि के लिए उस पर दबाव बना रहा था.
पत्नी को किया मैसेज, कॉल डिटेल निकालने में लगी पुलिस
गुरुवार की सुबह उसने पत्नी सोनम कुमारी के मोबाइल पर इंस्ट्राग्राम के माध्यम से एक मैसेज किया. जिसमें उसने बहुत कुछ लिखा है. एक तरफ उसने बैंक के शाखा प्रबंधक के बारे में लिखा है कि उन्होंने मेरी खूब मदद की. मेरे कारण उनको भी परेशानी हो सकती है. वहीं दूसरी तरफ लिखा कि वह कर्ज में डूबा हुआ है. कोई रास्ता बचा नहीं था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया. हालांकि उसका पूरा मैसेज क्या है, इसे पुलिस ने अनुसंधान का पार्ट बताते हुए इस पर कुछ नहीं बता रहे है. खैर जो भी हो उसके भाई ने भी 20 हजार रुपया 20 जनवरी को उसके खाते में दिया था. जिसकी निकासी उसने उसी दिन खगड़िया में किसी एटीएम से कर लिया था. मैसेज मिलने के बाद पुलिस उसका कॉल डिटेल निकालने में लग गयी है.
अनहोनी की आशंका से परिजन परेशान
गायत्री नगर जमालपुर उसके किराये के मकान पर घर वाले और ससुराल वालों के साथ अन्य रिश्तेदार पहुंचे हुए है. पिछले दो दिनों से उसके घर में चुल्हा चक्की नहीं जली. पड़ोसी द्वारा चाय, खाना-पानी की व्यवस्था किया जा रहा है. लेकिन परिजन जहां अनहोनी की आशंका से परेशान है. वहीं पत्नी छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर रोये जा रही है. इधर एसपी सैयद इमरान मसूद से बैंककर्मी की पत्नी सोनम कुमारी से कोतवाली थाना में पूछताछ की. पत्नी ने ऑन लाइन गैम, बैंक में घटित घटना, पति के कर्ज तले दबे होने और पति द्वारा मैसेज भेजे जाने की पूरी बात बतायी. एसपी ने नवल की पत्नी को आश्वस्त किया कि उसके पति की सकुशल वापसी करायी जायेगी.
आखिर बैंककर्मी को कैसे पता चला खगड़िया में है मोटर साइकिल
बैंककर्मी की बुलेट मोटर साइकिल खगड़िया रेलवे स्टेशन पर मिली है. इसकी जानकारी परिजन और पुलिस को बैंक के उनके सहकर्मी द्वारा ही दिया गया. अब सवाल उठता है कि बैंककर्मी को कैसे पता चला कि लापता नवल का बुलेट मोटर साइकिल खगड़िया रेलवे स्टेशन पर है. इस पर भी पुलिस जांच कर रही है.
कहते हैं एसपी
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि अब तक के अनुसंधान में प्रथमद्ष्टया यह मामला अपहरण का नहीं है. कर्ज की बात सामने आ रही. उसके द्वारा पत्नी को मैसेज भी किया गया है. पुलिस टीम उसका कॉल डिटेल निकाल कर जांच कर रही है. जबकि एक टीम उसे ढूढ़ने के लिए निकली हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




