खरीफ से पहले उर्वरक आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई
Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 03 Jun 2026 9:06 PM
खरीफ से पहले उर्वरक आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई
किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने का निर्देश, जमालपुर रैक प्वाइंट से आपूर्ति बढ़ाने का सुझाव मुंगेर. खरीफ मौसम की तैयारी के मद्देनजर किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक जिलाधिकारी निखिल धनराज की अध्यक्षता में हुई, जिसमें जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और निर्धारित मूल्य पर किसानों को खाद उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की गयी. बैठक में विधायक कुमार प्रणय, डीडीसी अजीत कुमार सिंह आदि मौजूद थे. जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है उर्वरक बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है. उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमित बिक्री पर रोक लगाने के लिए सभी खुदरा उर्वरक दुकानों पर क्षेत्रीय कृषि कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इसके अलावा जिला स्तर पर उर्वरक नियंत्रण कक्ष स्थापित कर उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है. डीएम ने कहा कि किसानों को समय पर, पर्याप्त मात्रा में और निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए प्रशासन, कृषि विभाग, उर्वरक कंपनियों और विक्रेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा अनियमित बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.जमालपुर रैक प्वाइंट से आपूर्ति बढ़ाने का सुझाव बैठक में विधायक कुमार प्रणय ने सुझाव दिया कि सभी उर्वरक कंपनियां अपने रैक जमालपुर स्थित उर्वरक रैक प्वाइंट पर उपलब्ध कराएं. उन्होंने कहा कि इससे जिले के किसानों को उर्वरकों की सहज और त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित होगी. साथ ही परिवहन और वितरण व्यवस्था भी अधिक प्रभावी एवं सुचारू बन सकेगी. बैठक में उर्वरक आपूर्ति, भंडारण और वितरण व्यवस्था को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










