वीबी-जी राम जी योजना के तहत पूर्वी चंपारण में 9012 कार्य प्रगति पर, 1.14 लाख मानव दिवस सृजित
सांकेतिक तस्वीर
पूर्वी चंपारण जिले में वीबी-जी राम जी योजना के तहत 9,012 विकास योजनाओं पर कार्य शुरू हो गया है, जिससे 25,000 से अधिक मजदूरों को रोजगार मिला है. योजना का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के लिए नौ लाख 500 पौधरोपण करना है.
Motihari News: विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत पूर्वी चंपारण जिले में नौ लाख 500 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. पहले मनरेगा के नाम से संचालित योजना अब नए नाम से जिला से लेकर पंचायत स्तर तक लागू की जा रही है. विभागीय जानकारी के अनुसार एक जुलाई से चयनित 12,405 योजनाओं में से 9,012 योजनाओं पर कार्य शुरू हो चुका है.
डेढ़ माह में 1.14 लाख मानव दिवस का सृजन
डीआरडीए निदेशक डॉ. कुंदन कुमार ने बताया कि योजना के तहत अब तक 1 लाख 14 हजार मानव दिवस का सृजन किया गया है. प्रत्येक मजदूर को प्रति मानव दिवस 300 रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जा रहा है.
25 हजार मजदूरों को मिला रोजगार
उन्होंने बताया कि अब तक 28 हजार लोगों ने रोजगार की मांग की थी, जिनमें से 25 हजार मजदूरों को रोजगार उपलब्ध करा दिया गया है. शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है और जल्द ही उन्हें भी रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा.
नौ लाख 500 पौधरोपण का रखा गया लक्ष्य
योजना के तहत पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए नौ लाख 500 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. सभी पौधों को सुरक्षा घेरा के भीतर लगाने का निर्देश दिया गया है. डीआरडीए निदेशक ने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मेलन आज
वीबी-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद भवन में पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. डीआरडीए निदेशक ने बताया कि इसमें जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, पंचायत सचिव, पीओ, बीआरओ सहित लगभग 1200 प्रतिनिधि भाग लेंगे. सुबह 9 बजे से मास्टर ट्रेनर योजना के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देंगे, ताकि पंचायत स्तर पर इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो.
यह भी पढ़ें: छौड़ादानो पीएचसी में रोगी कल्याण समिति की बैठक, अस्पताल सुधार के लिए लिए गए कई निर्णय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By हिमांशु कुमार
हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










