मोतिहारी: यूरिया लदा ट्रक छोड़कर भागा चालक, नेपाल भेजने या कालाबाजारी की आशंका
जब्त यूरिया लदे ट्रक के साथ अधिकारी
मोतिहारी के विशंभरपुर के पास यूरिया खाद से लदा एक ट्रक संदिग्ध हालत में जब्त किया गया है. ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, और पुलिस नेपाल भेजने या कालाबाजारी के संदेह में जांच कर रही है. ट्रक में 500 से अधिक यूरिया बैग होने की संभावना है.
Motihari News: ढाका-घोड़ासहन रोड में विशंभरपुर के पास बुधवार को कृषि विभाग और ढाका थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यूरिया खाद से लदा एक ट्रक जब्त किया गया. कार्रवाई की भनक लगते ही ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. जब्त ट्रक को ढाका थाना लाया गया है, जहां एसडीओ विजय कुमार के निर्देश पर ट्रक में लदे यूरिया बैग की गिनती करायी जा रही है.
विशंभरपुर के पास खाद लदा ट्रक जब्त
ढाका के प्रखंड कृषि पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि विशंभरपुर के पास संदिग्ध स्थिति में यूरिया खाद से लदा ट्रक मिला. अब तक जब्त खाद पर किसी व्यक्ति ने दावा नहीं किया है. ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
500 से अधिक यूरिया बैग होने की संभावना
अधिकारियों के अनुसार ट्रक में 500 से अधिक यूरिया बैग होने की संभावना है. फिलहाल सभी बैगों की गिनती की जा रही है. गिनती पूरी होने के बाद खाद की मात्रा और अन्य विवरण स्पष्ट हो सकेगा.
नेपाल भेजने या कालाबाजारी की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक में लदी यूरिया खाद को नेपाल भेजने या कालाबाजारी के उद्देश्य से लाया गया था. हालांकि मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
चालक ट्रक छोड़कर हुआ फरार
ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि पुलिस और कृषि विभाग की कार्रवाई की भनक लगते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस चालक और ट्रक मालिक की पहचान करने के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
गिनती पूरी होने के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी
बीएओ ने बताया कि यूरिया बैग की गिनती पूरी होने के बाद ट्रक चालक, मालिक एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ खाद कालाबाजारी से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करायी जाएगी. मौके पर उर्वरक निरीक्षक उमेश कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
पहले भी जब्त हो चुकी है बड़ी मात्रा में खाद
इससे पहले 6 जुलाई को कुंडवा चैनपुर के बसंत चौक पर 550 बैग यानी एक ट्रक खाद लावारिस हालत में जब्त किया गया था. इसके अलावा बसंत चौक के पास एक गोदाम से करीब 2,000 बैग यूरिया और डीएपी भी जब्त किए गए थे. गोदाम मामले में सुबोध ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जो अब तक फरार बताया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में बीआरएबीयू कॉलेज कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, 11 से 14 अगस्त तक चलेगा आंदोलन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By हिमांशु कुमार
हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










