मोतिहारी: बंजरिया पंचायत समिति की बैठक में मनरेगा, नल-जल और सोलर लाइट की बदहाली पर उठे सवाल
बैठक में उपस्थित प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव, बीडीओ, सीओ, पीओ व अन्य
मोतिहारी के बंजरिया प्रखंड कार्यालय में पंचायत समिति की बैठक में विकास कार्यों को लेकर हंगामा हुआ. मनरेगा, नल-जल और सोलर लाइट योजनाओं की धीमी गति और लापरवाही पर जनप्रतिनिधियों ने कड़े सवाल उठाए.
Motihari News: बंजरिया प्रखंड कार्यालय सभागार में बुधवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रखंड प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव की अध्यक्षता और बीडीओ अजय कुमार प्रिंस के संचालन में हुई. बैठक में विकास कार्यों और आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. जनप्रतिनिधियों ने मनरेगा, मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट, नल-जल योजना और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए.
मनरेगा जेई पर एस्टीमेट और एमबी बुक में लापरवाही का आरोप
बैठक में मनरेगा के कनीय अभियंता द्वारा समय पर एस्टीमेट (प्राक्कलन) तैयार नहीं करने और मापपुस्तिका (एमबी बुक) संधारित नहीं करने का मुद्दा प्रमुखता से उठा. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह की लापरवाही से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
सोलर स्ट्रीट लाइट और नल-जल योजना पर नाराजगी
पंचायतों में लगाए गए मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट के खराब रहने को लेकर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई. वहीं नल-जल योजना के सुचारू रूप से संचालित नहीं होने की शिकायत भी बैठक में उठी. जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभागों से व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की.
निजी घरों से आंगनबाड़ी केंद्र चलाने का मुद्दा उठा
बैठक में आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा केंद्रों का संचालन निजी घरों से किए जाने की बात भी सामने आई. सदस्यों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की.
मुखिया और मनरेगा पीओ के बीच हुई नोकझोंक
चर्चा के दौरान पचरूखा पश्चिमी पंचायत के मुखिया विनोद कुमार यादव और मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी अश्विनी कुमार के बीच किसी मुद्दे को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई. इससे बैठक का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया. हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : प्रमुख
बैठक के अंत में प्रखंड प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है.
बैठक में सीओ कृष्ण प्रताप सिंह, प्रभारी बीईओ अनूप कुमार, बीसीओ संजीव कुमार मिश्रा, मुखिया आदिल राणा, मो. अरशद, मुस्लिम मियां, वीणा सिंह, रामावती देवी तथा पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मण साह, अलाउद्दीन अंसारी, विजय पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में बीआरएबीयू कॉलेज कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, 11 से 14 अगस्त तक चलेगा आंदोलन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Raj Nikhil
राज निखिल एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं. उन्हें विशेष रूप से क्राइम रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया में विशेष अनुभव है. वर्तमान में वह 'प्रभात खबर' से जुड़े हैं. इससे पहल वे 'न्यूज 18 लोकल', 'पब्लिक वाइल्ड डिजिटल' और 'सन्मार्ग' में सेवाएं दे चुके हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










