मोतिहारी में जलजमाव से हाहाकार, नाले पर अतिक्रमण का आरोप
मोतिहारी में जलजमाव से हाहाकार, नाले पर अतिक्रमण का आरोप
मोतिहारी शहर के वार्ड नंबर-22 स्थित शांतिपुरी मोहल्ले में नाले पर अतिक्रमण के कारण गंभीर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। गंदा पानी जमा होने से जनजीवन प्रभावित है और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
मोतिहारी में जलजमाव: मोतिहारी शहर के वार्ड नंबर-22 स्थित शांतिपुरी मोहल्ले में जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है. नाले का मुंह बंद होने के कारण गंदा पानी मोहल्ले में जमा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी बाधित है. बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है.

नाले का मुंह बंद होने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय निवासियों के अनुसार स्टेशन रोड, बाजार समिति रोड और बेलबनवा समेत आसपास के इलाकों का गंदा पानी मुख्य नाले के रास्ते मोतीझील में जाता था. आरोप है कि नाले के पास अतिक्रमण कर मिट्टी भराई कर दी गयी, जिससे पानी का बहाव रुक गया है. अब गंदा और बदबूदार पानी शांतिपुरी मोहल्ले में जमा हो रहा है.
लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है. आने-जाने में परेशानी के साथ बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है. स्थानीय लोगों को आशंका है कि अगर आने वाले दिनों में तेज बारिश हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
जांच के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
मोहल्लेवासियों ने बताया कि समस्या को लेकर डीएम, नगर निगम आयुक्त और नगर प्रबंधक से शिकायत की जा चुकी है. सरकार के 'सहयोग पोर्टल' पर भी शिकायत दर्ज करायी गयी. शिकायत के बाद अधिकारियों की टीम ने मौके का निरीक्षण कर वीडियो और तस्वीरें भी लीं, लेकिन अब तक नाले की सफाई या अतिक्रमण हटाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारियों से बार-बार संपर्क करने पर केवल आश्वासन मिल रहा है. इससे परेशान होकर अब मोहल्लेवासियों ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है.
बारिश से पहले स्थायी समाधान की मांग
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से नाले पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने और जमा मिट्टी की सफाई कराने की मांग की है. इसके साथ ही बारिश के मौसम को देखते हुए पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गयी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते नाले की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गयी तो भारी बारिश के दौरान शांतिपुरी में हालात बेहद खराब हो सकते हैं. इससे घरों के आसपास पानी जमा होने के साथ लोगों के लिए आवागमन भी मुश्किल हो जाएगा.
दर्जनों लोगों ने उठायी आवाज
जलजमाव की समस्या को लेकर ब्रजेश कुमार सिंह, उपेंद्र शर्मा, शैलेश तिवारी, अमित कुमार, आलोक कुमार सिंह, रजनीश कुमार गिरी, निशा कुमारी, आलोक कुमार, रिंकी सिंह, आशीष राज, अक्षय राज, पूनम देवी, गोल्डी कुमारी, सुबोध तिवारी, सतीश कुमार, किरण देवी, रूपम कुमारी, नितेश कुमार, शंभू कुमार, राकेश रंजन, आशीष रंजन, स्निग्धा कुमारी, मंजू देवी और आर.के. श्रीवास्तव समेत दर्जनों मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें:गुड न्यूज: MGCU के 6 शोधार्थियों के हाथ लगी बड़ी सफलता, बने असिस्टेंट प्रोफेसर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











