73 दिन पहले हुई थी शादी, अब जला हुआ शव मिला... मायके वालों ने पति, सास-ससुर पर लगाया हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन
शादी के 73 दिन बाद युवती की मौत, दहेज हत्या का आरोप.

प्रतीकात्मक तस्वीर

मोतिहारी के मधुबन में एक नवविवाहिता की शादी के महज 73 दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के परिजनों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या और शव जलाने का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

Motihari News: मोतिहारी के मधुबन थाना क्षेत्र के पकड़िया पलट गांव में शादी के महज 73 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर शव को जला दिया गया. मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मृतका की पहचान अमृता कुमारी, पत्नी आनंद कुमार, के रूप में हुई है.

मां ने दर्ज कराई प्राथमिकी

मृतका की मां संगीता देवी, जो सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र के इमामी गांव की रहने वाली हैं, ने मधुबन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

प्राथमिकी में पति आनंद कुमार, ससुर राजेंद्र पंडित और सास को नामजद आरोपी बनाया गया है.

शादी के बाद दहेज मांगने का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, संगीता देवी ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी 23 मई को हिंदू रीति-रिवाज से आनंद कुमार के साथ हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि शादी में करीब 10 लाख रुपये उपहार स्वरूप खर्च किए गए थे.

उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में एक वैगनआर कार की मांग करने लगा. मांग पूरी नहीं होने पर अमृता के साथ लगातार मारपीट की जाती थी.

हत्या कर शव जलाने का आरोप

मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने अमृता कुमारी की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जला दिया.

इन आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

पुलिस क्या कह रही है?

मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

उन्होंने कहा कि नामजद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Shashi Chandra Tiwary

लेखक के बारे में

By Shashi Chandra Tiwary

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन