मोतिहारी में 29 जुलाई को BPSSC परीक्षा, जानिए केंद्र, समय और जरूरी निर्देश

मोतिहारी में 29 जुलाई को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की अधिनायक अनुदेशक पद की परीक्षा आयोजित होगी। 12 परीक्षा केंद्रों पर 7,464 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC), पटना की ओर से 29 जुलाई को आयोजित होने वाली अधिनायक अनुदेशक पद की लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए जिला दंडाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त प्रतिनियुक्ति आदेश जारी किया है. परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
12 परीक्षा केंद्रों पर शामिल होंगे 7,464 अभ्यर्थी
सदर अनुमंडल क्षेत्र में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 7,464 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा एकल पाली में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक होगी. सभी अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा.
परीक्षा केंद्र एवं परीक्षार्थियों की संख्या
- एलएनडी कॉलेज, मोतिहारी – 912
- एमजेके बालिका इंटर कॉलेज, मोतिहारी – 864
- डॉ. एसकेएस महिला कॉलेज, मोतिहारी – 720
- +2 जिला स्कूल, मोतिहारी – 720
- पीएम श्री गोपाल साह +2 विद्यालय, मोतिहारी – 672
- श्री राजा राम उच्च विद्यालय, तुरकौलिया – 672
- मंगल सेमिनरी, मोतिहारी – 648
- मुजीब बालिका +2 विद्यालय, मोतिहारी – 600
- श्री अनुग्रह नारायण सिंह कॉलेज, मोतिहारी – 528
- सीएमजे शिक्षण संस्थान, बनकट – 480
- जेएसके प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, तुरकौलिया – 432
- प्रभावती गुप्ता कन्या उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय, मोतिहारी – 216
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी हाईटेक
परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है.
- सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर एवं सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे.
- परीक्षा की निगरानी पटना मुख्यालय से की जाएगी.
- बिना वैध ई-प्रवेश पत्र एवं फोटो पहचान पत्र के प्रवेश नहीं मिलेगा.
- मुख्य द्वार पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच होगी.
- महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी करेंगी.
- मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे.
- सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन एवं लाइव फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी होगी.
अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जोनल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, प्रेक्षक एवं उड़नदस्ता दल की प्रतिनियुक्ति की गई है. अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा को सहायक संयोजक बनाया गया है. समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसके प्रभारी सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी अखिलेश कुमार होंगे.
27 जुलाई को होगी संयुक्त ब्रीफिंग
परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 27 जुलाई को डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभा भवन, मोतिहारी में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित होगी. इसमें सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक, सहायक केंद्राधीक्षक एवं उड़नदस्ता दल के सदस्यों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: केसरिया में इंडेन गैस गोदाम का ताला काटकर छह सिलेंडर चोरी, सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अमृतेश कुमार
अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










