केसरिया में इंडेन गैस गोदाम का ताला काटकर छह सिलेंडर चोरी, सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ा

सांकेतिक तस्वीर
पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में एक गैस गोदाम से चोरों ने चार भरे और दो खाली गैस सिलेंडर चुरा लिए। चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए गोदाम के सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Motihari News: पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के दिलावरपुर स्थित मे. दिलावरपुर इंडेन ग्रामीण वितरक के गोदाम में चोरों ने गुरुवार की रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया. अज्ञात चोर गोदाम का ताला काटकर चार भरे और दो खाली गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए. चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
गोदाम का ताला काटकर छह सिलेंडर ले गए चोर
गोदाम संचालक मिंटू कुमार सिंह ने केसरिया थाना में दिए आवेदन में बताया कि 23 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे अज्ञात चोरों ने गोदाम को निशाना बनाया. चोरों ने गोदाम का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे चार भरे हुए तथा दो खाली गैस सिलेंडर चोरी कर लिए.
पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरा तोड़ा
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. माना जा रहा है कि चोरों ने अपनी पहचान और गतिविधियों को कैमरे में कैद होने से बचाने के लिए ऐसा किया. घटना के बाद गोदाम संचालक ने पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की.
पहले भी परिवार को बनाया जा चुका है निशाना
गोदाम संचालक मिंटू कुमार सिंह ने आवेदन में बताया है कि इससे पहले भी उनके परिवार को अपराधियों द्वारा निशाना बनाया जा चुका है. 12 अप्रैल 2022 को उनके पिता से बाइक छीन ली गयी थी. इस मामले में केसरिया थाना कांड संख्या 151/22 दर्ज है.
फरवरी में भी हुई थी चोरी की घटना
आवेदक के अनुसार, चार फरवरी 2026 को भी चोरी की घटना हुई थी. इस मामले में केसरिया थाना कांड संख्या 39/26 दर्ज किया गया था. अब गैस गोदाम में चोरी की घटना के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है.
प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि गोदाम संचालक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. चोरी की घटना में शामिल आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद मोतिहारी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, विजय जुलूस में गूंजे नारे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By हिमांशु कुमार
हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










