मोतिहारी के बंजरिया में पिकअप से 21 मवेशी बरामद, दो पशु तस्कर गिरफ्तार

Author Raj Nikhil|Edited by Purushottam Kumar
Updated:
विज्ञापन

जब्त पिकअप पर पशुओं को देखते पुलिस पदाधिकारी व जवान

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मोतिहारी पुलिस ने गश्ती के दौरान एक पिकअप वैन से 21 मवेशियों को छुड़ाया है. पुलिस ने वाहन चालक और उपचालक को भी गिरफ्तार किया है. इस मामले में पशु तस्करी के रैकेट का खुलासा होने की उम्मीद है.

विज्ञापन

Motihari News: बंजरिया. थाना पुलिस ने बुधवार अहले सुबह गश्ती के दौरान एक पिकअप वैन से 21 मवेशियों को बरामद किया है. पुलिस ने मौके से वाहन चालक और उपचालक को भी गिरफ्तार किया. थानाध्यक्ष अमित कुमार के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुगौली की ओर से एक पिकअप वैन में क्षमता से अधिक मवेशियों को लादकर मोतिहारी ले जाया जा रहा है. सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को पीछा कर पकड़ा.

विज्ञापन

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रशिक्षु दारोगा पंकज कुमार सशस्त्र बलों के साथ रात्रि गश्ती पर थे. बुधवार सुबह करीब 3:45 बजे शंकर ढाबा के पास पुलिस को पिकअप वैन के बारे में सूचना मिली.

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की. पिकअप चालक ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उसे रोक लिया.

सिंघिया गुमटी ओवरब्रिज के पास पकड़ा गया पिकअप

पुलिस के अनुसार, बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद चालक पिकअप लेकर भागने की कोशिश कर रहा था. पुलिस टीम ने पीछा करते हुए सिंघिया गुमटी ओवरब्रिज के पास वाहन को पकड़ लिया.

इसके बाद पिकअप वैन की तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन के अंदर बड़ी संख्या में मवेशी मिले.

पिकअप से 21 मवेशी बरामद

तलाशी के दौरान पिकअप से कुल 21 मवेशी बरामद किए गये. इनमें 13 छोटे भैंस के बच्चे और 8 बड़ी भैंस शामिल थीं.

पुलिस के अनुसार, मवेशियों के पैर और मुंह प्लास्टिक की रस्सी से बंधे हुए थे. कई मवेशियों के शरीर पर चोट के निशान भी मिले. पुलिस ने सभी मवेशियों को वाहन से बाहर निकालकर सुरक्षित कराया.

चालक और उपचालक गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने प. चंपारण जिले के मंझौलिया थाना क्षेत्र के बहहड़वा गांव निवासी पिकअप चालक अनिल कुमार और सुगौली थाना क्षेत्र के सुगौली निवासी उपचालक मो. क्यामुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया.

दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था.

वाहन मालिक के खिलाफ भी प्राथमिकी

पुलिस ने पिकअप वाहन के मालिक सुगौली थाना क्षेत्र के कसाब टोला निवासी अरसे आलम के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस के अनुसार, वाहन मालिक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

पशु तस्करी के मामले में कार्रवाई जारी

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस बरामद मवेशियों, वाहन और आरोपितों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं.

यह भी पढ़ें: मोतिहारी सदर के 96 आंगनबाड़ी केंद्रों पर दो माह से क्यों नहीं पहुंचा पोषाहार? 3800 से अधिक लाभार्थियों पर असर की आशंका

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन