मोतिहारी: हाईटेक जांच से खुला राज, फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक के साथ दो गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
Motihari News town police arrested two bike thieves fake number plate recovered splendor motorcycle

चोरी की बाइक के साथ पकड़े गये आरोपित

Motihari News: पुलिस ने गांधी चौक पर हाईटेक चालान मशीन की मदद से फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक के साथ दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपी नंबर बदलकर ग्रामीण इलाकों में चोरी की गाड़ियां बेचते थे. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Motihari News: नगर पुलिस ने गांधी चौक के पास विशेष वाहन चेकिंग के दौरान एक अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सन्तपुर निवासी मुस्कान कुमार और धीरज कुमार के रूप में हुई है.

पुलिस को देखकर भागने का प्रयास, घेराबंदी कर दबोचे गए

नगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि रविवार की रात करीब 10:00 बजे पुलिस टीम के साथ गांधी चौक पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान मधुबन छावनी की तरफ से एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखे. सामने पुलिस बल को तैनात देखकर वे घबरा गए और गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे. हालांकि, वहां मौजूद मुस्तैद जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा.

चालान मशीन से खुली पोल, चेसिस और इंजन नंबर निकले फर्जी

पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने युवकों से गाड़ी के कागजात मांगे, तो वे टालमटोल करने लगे और कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए. इसके बाद पुलिस ने जब बाइक पर दर्ज नंबर को एचएचडी चालान मशीन में डालकर सर्च किया, तो वह नंबर किसी अन्य व्यक्ति की गाड़ी का निकला. कड़ाई से जांच करने पर पता चला कि उक्त बाइक का वास्तविक नंबर BR05AE-2996 है, जो कोटवा क्षेत्र के शम्भू साह की है.

नंबर प्लेट बदलकर ग्रामीण इलाकों में कम दामों पर बेचते थे वाहन

पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल करते हुए एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. उन्होंने स्वीकार किया कि वे पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए चोरी की गाड़ियों के नंबर प्लेट बदल देते थे. इसके बाद वे इन वाहनों को कम दामों में ग्रामीण इलाकों में बेच दिया करते थे. पुलिस अब इनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन