एक ही चिता पर मां और चार बच्चों का हुआ अंतिम संस्कार, हर आंख हुई नम
अरेराज के वभनौली में मां और चार बच्चों के अंतिम संस्कार के दौरान उमड़ी ग्रामीणों की भीड़.
बिहार के अरेराज में एक ही चिता पर मां और चार बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया। दहेज हत्या का आरोप लगने पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों पर मामला दर्ज किया है।
Mother Four Children Death: वभनौली पंचायत के वार्ड छह में शुक्रवार को पोखर में मां और चार बच्चों के शव मिलने के बाद शनिवार को गांव में मातम पसरा रहा. धर्मेंद्र महतो के दरवाजे से जब पत्नी सुशीला देवी (35) और चार बच्चों के शव एक साथ अंतिम संस्कार के लिए निकले तो पूरा माहौल गमगीन हो गया. शवयात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतका के मायके के लोग शामिल हुए.
गांव से शवयात्रा निकलने के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा रही. पति धर्मेंद्र महतो ने पत्नी सुशीला देवी के साथ पुत्री अमृता (11), पम्मी (6), पुत्र अविनाश (8) और रवि कुमार (4) को एक ही चिता पर मुखाग्नि दी. एक साथ पांच शवों के दाह संस्कार का दृश्य देखकर लोगों की आंखें नम हो गयीं.
पति समेत आठ लोगों पर प्राथमिकी
इधर, मामले में मृतका के भाई संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूर्वी मधुबनी पंचायत के प्रताप मठिया निवासी श्यामनंदन महतो के आवेदन पर गोविंदगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. आवेदन में दहेज के लिए प्रताड़ित करने और बहन व बच्चों की हत्या कर शव पोखर में फेंकने का आरोप लगाया गया है.
प्राथमिकी में मृतका के पति धर्मेंद्र महतो समेत आठ लोगों को आरोपित किया गया है. पुलिस ने धर्मेंद्र महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
गुरुवार शाम से गायब थे मां और चारों बच्चे
बताया जाता है कि धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी और चारों बच्चे गुरुवार शाम से ही गायब थे. शुक्रवार दोपहर गांव के बगल स्थित पोखर में पांचों के शव तैरते मिले. सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी थी.
गोविंदगंज थानाध्यक्ष सचितानंद पांडेय ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन पर दहेज प्रताड़ना समेत अन्य आरोपों में पति सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By हिमांशु कुमार
हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










