गूगल पर ट्रांसपोर्टर का नंबर खोजना पड़ा महंगा, लिंक क्लिक करते ही खाते से ₹1.47 लाख गायब

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

मोतिहारी में गूगल पर ट्रांसपोर्टर का नंबर खोजना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया. ऑनलाइन मिले नंबर पर कॉल करने और भेजे गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके बैंक खाते से ₹1.48 लाख की धोखाधड़ी हुई. पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

विज्ञापन

Cyber Crime Motihari: गूगल पर ट्रांसपोर्टर का मोबाइल नंबर खोजना मोतिहारी के एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया. ऑनलाइन मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद साइबर अपराधियों ने एक लिंक भेजा. लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित के बैंक खाते से अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए करीब ₹1.48 लाख की अनधिकृत निकासी हो गयी. मामले में पीड़ित ने साइबर थाना मोतिहारी में आवेदन देकर कार्रवाई और राशि वापस कराने की गुहार लगायी है.

मैसेज में भेजे लिंक पर किया था क्लिक

पठान पट्टी वार्ड संख्या-15, मथूरा प्रेस के पास रहने वाले एहतशाम जमील ने आवेदन में बताया है कि वह अपना सामान लखनऊ से मोतिहारी लाने के लिए गूगल पर ट्रांसपोर्टर का मोबाइल नंबर खोज रहे थे. इसी दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला. उस नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने मैसेज भेजने की बात कही.

पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें एक लिंक दिया गया था. उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, लेकिन उससे उन्हें कोई उपयोगी जानकारी नहीं मिली. इसके बाद संबंधित व्यक्ति से उनका संपर्क भी टूट गया.

कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 50 हजार रुपये की निकासी का मैसेज आया. इसके बाद उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी.

चार UPI ट्रांजेक्शन से निकली रकम

बैंक से ट्रांजेक्शन की जानकारी लेने पर पीड़ित को पता चला कि खाते से अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए कुल ₹1,47,924.81 की अनधिकृत निकासी हुई है. पीड़ित ने आवेदन में संबंधित मोबाइल नंबर, भेजे गये लिंक और सभी ट्रांजेक्शन की जांच कराने की मांग की है.

उन्होंने साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ निकाली गयी राशि वापस कराने की भी गुहार लगायी है. साइबर थाना के इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है.


विज्ञापन
Amresh Kumar

लेखक के बारे में

By Amresh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन